Cupid Share Price: आपके इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो में शामिल किसी कंपनी के शेयर का प्राइस एक साल में 10 गुना हो जाए तो आपको कैसा लगेगा? शायद आपको यकीन न हो, लेकिन क्यूपिड के शेयरों ने सिर्फ एक साल में निवेशकों का पैसा 10 गुना कर दिया है। 8 जुलाई को भी इस शेयर में तेजी दिखी। 1 बजे इसका भाव 1.60 फीसदी चढ़कर 224.65 रुपये पर चल रहा था। एक महीने में यह शेयर 60 फीसदी और बीते एक साल में 939 फीसदी चढ़ा है।
110 देशों में करती है प्रोडक्ट्स का एक्सपोर्ट
Cupid Limited मुंबई की कंपनी है। यह हेल्थकेयर और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स बनाती है। हालांकि, 1993 में शुरू की गई इस कंपनी की विशेषज्ञता पुरुषों और महिलाओं के कंडोम, पर्सनल ल्यूब्रिकेंट्स और इन-विट्रो डायग्नॉस्टिक (IVD) किट्स बनाने में है। यह 110 से ज्यादा देशों में अपने प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट करती है। नासिक के करीब सिन्नार में इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है। कंपनी का फोकस दुनियाभर में अपनी मजबूत पहचान बनाने और प्रोडक्ट इनोवेशन पर है।
6 जुलाई को 52 हफ्ते की ऊंचाई पर पहुंच गए थे शेयर
कंपनी के शेयर 6 जुलाई को 52 हफ्ते के हाई 214 रुपये पर पहुंच गए थे। इसकी वजह इसके शेयरों में एक ब्लॉक डील थी। 127.5 करोड़ रुपये की इस ब्लॉक डील के बाद कंपनी के शेयरों में बड़ी तेजी आई थी। शेयर 7 फीसदी तक उछल गए थे। स्टॉक एक्सचेंज के डेटा के मुताबिक, कंपनी के 60.8 लाख शेयरों में ब्लॉक डील हुई थी, जो कंपनी के 2.3 फीसदी शेयरों के बराबर है। इस ब्लॉक डील से कंपनी का शेयर लाइमलाइट में आया था।
कंपनी ने रेवेन्यू गाइडेंस 10 फीसदी बढ़ाया
क्यूपिड ने जून तिमाही में अपने प्रदर्शन के बारे में भी जानकारी दी है। उसने कहा है कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू 150 करोड़ रुपये से ज्यादा रह सकता है। अगर ऐसा होता है तो जून तिमाही कंपनी के प्रदर्शन के लिहाज से सबसे अच्छी रहेगी। इस वित्त वर्ष की शुरुआत कंपनी के लिए अच्छी रही है। घरेलू और विदेशी बाजार में कंपनी के बिजनेस में अच्छी ग्रोथ दिखी है। इससे कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष के लिए अपने रेवन्यू गाइडेंस को कम से कम 10 फीसदी बढ़ाया है। इसका मतलब है कि FY27 में इसका रेवेन्यू 660 करोड़ से ज्यादा रह सकता है। पहले इसके 600 करोड़ रहने का अनुमान था।
एक साल में शेयरों ने पैसा 10 गुना किया
Cupid के शेयर का प्राइस 9 जुलाई, 2025 को 21.62 रुपये था। 8 जुलाई, 2026 को इसका शेयर 224 रुपये पर चल रहा था। इसका मतलब है कि एक साल में कंपनी ने निवेशकों का पैसा 10 गुना कर दिया है। कंपनी ने इंटरनेशनल B2B हेल्थ मार्केट्स में बढ़ते मौकों को देखते हुए अपना रेवेन्यू गाइडेंस बढ़ाया है। कंपनी को इंस्टीट्यूशनल कस्टमर्स, प्राइवेट बायर्स और गवर्नमेंट प्रोक्योरमेंट प्रोग्राम की वजह से डिमांड स्ट्रॉन्ग रहने की उम्मीद है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।