ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने बैंकों के पहली तिमाही के नतीजों के अनुमान पर रिपोर्ट पेश की है। उसने एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक को अपनी बैंकिंग पिक्स बताई है। उसने कहा है कि जून तिमाही में बैंकों की लोन ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रहने की उम्मीद है। लेकिन, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (एनआईएम) पर थोड़ा दबाव दिख सकता है। 8 जुलाई को बैंकिंग शेयरों पर दबाव देखने को मिला।
नेट इंटरेस्ट मार्जिन 6 फीसदी बढ़ सकता है
Nomura ने कहा है कि वह जिन बैंकों को कवर करती है, उनका प्रोविजनिंग से पहले ऑपरेट प्रॉफिट (PPOP) साल दर साल आधार पर 12 फीसदी बढ़ सकता है। इसमें नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में 9 फीसदी ग्रोथ और ऑपरेटिंग एक्सपेंसेंज पर नियंत्रण का हाथ होगा। हालांकि, टैक्स के बाद प्रॉफिट (PAT) की ग्रोथ साल दर साल आधार पर 6 फीसदी रहने का अनुमान है। इसकी वजह यह है कि आम तौर पर पहली तिमाही में क्रेडिट कॉस्ट ज्यादा होती है।
सरकारी बॉन्ड यील्ड में नरमी का मिलेगा फायदा
इस रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही में लोन ग्रोथ अच्छी बनी रही। हालांकि ज्यादातर बैंकों के एनआईएम में थोड़ी गिरावट दिखी। फेडरल बैंक सिर्फ अपवाद रहा। बैंक ऑफ बड़ौदा और एक्सिस बैंक के एनआईएम पर ज्यादा दबाव दिखा। उसने कहा है कि सरकारी बॉन्ड्स की यील्ड में नरमी से बैंकों की ट्रेजरी इनकम ब़ढ़ सकता है। पिछली तिमाही में इस पर दबाव दिखा था। सरकारी बैंकों को सरकारी बॉन्ड यील्ड में नरमी का ज्यादा फायदा मिलेगा।
एसेट क्वालिटी स्टेबल रहने का अनुमान
नोमुरा का मानना है कि बैंकों की एसेट क्वालिटी स्टेबल बनी रहेगी। इसकी वजह यह है कि अनसेक्योर्ड रिटेल और माइक्रोफाइनेंस लोन पर दबाव कम हो रहा है। लेकिन, उसने मानसून में कम या असामान्य बारिश को इस वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के लिए बड़ा खतरा बताया है। खासकर रूरल, एमएसएमई और कमर्शियल व्हीकल लोन पर इसका असर दिख सकता है।
18 जुलाई को आएंगे तीनों दिग्गज बैंकों के रिजल्ट्स
एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के जून तिमाही के नतीजें 18 जुलाई को आएंगे। 8 जुलाई को इन बैंकों के शेयरों पर दबाव दिखा। एचडीएफसी बैंक का शेयर 12:20 बजे 0.28 फीसदी गिरकर 827 रुपये पर चल रहा था। ICICI Bank का शेयर 1.07 फीसदी की कमजोरी के साथ 1,399 रुपये पर था। Kotak Mahindra Bank के शेयर का भाव 1.02 फीसदी की कमजोरी के साथ 377.80 रुपये था। दिग्गज बैंकिंग शेयरों में गिरावट की वजह से बैंक निफ्टी 0.70 फीसदी नीचे था।