टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने 15 अक्टूबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 86 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी के साथ 341 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले समान तिमाही में मुनाफा 183 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 9.6 प्रतिशत बढ़कर 6,687.89 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में यह 6,099.75 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि सितंबर 2026 तिमाही में कुल खर्च 6,204.86 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 5,806.87 करोड़ रुपये के थे। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 58.86 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
FY27 की पहली छमाही में कैसा रहा बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान टाटा कम्युनिकेशंस का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 13,270.71 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो एक साल पहले 12,059.60 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 475.26 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 छमाही में 373 करोड़ रुपये था। खर्च 12,482.88 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 छमाही में 11,472.13 करोड़ रुपये के थे।
वित्तीय नतीजों के बाद शेयर में दिखा जबरदस्त उछाल
तिमाही नतीजे जारी होने के बाद टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर में गुरुवार को दिन में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। शेयर पिछले बंद भाव से 12.4 प्रतिशत तक चढ़कर BSE पर 1,865 रुपये के हाई तक गया। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 50300 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 2,109.90 रुपये और एडजस्टेड लो 1,323 रुपये है।
एक दिन पहले टाटा टेक के नतीजे हुए थे जारी
एक दिन पहले बुधवार को टाटा टेक्नोलॉजीस ने अपने तिमाही नतीजे जारी किए थे। कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 3.6 प्रतिशत बढ़कर 171.44 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 165.5 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 1,698.8 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,323.33 करोड़ रुपये था। कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 1,499.66 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 1,150.97 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।