HDB Financial Share Price: मुनाफा 34% बढ़ा, फिर भी शेयर 8% तक लुढ़का; Q2 रिजल्ट के बाद अब ब्रोकरेज की क्या सलाह

HDB Financial Share Price: शेयर को कवर करने वाले 18 एनालिस्ट्स में से 10 ने 'बाय' रेटिंग दी है। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रति शेयर 2 रुपये के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। रिकॉर्ड उेट 23 अक्टूबर है

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 2:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
HDB Financial Services, HDFC बैंक की NBFC शाखा है।

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स 15 अक्टूबर को भारी नुकसान में हैं। शेयर की कीमत दिन में BSE पर पिछले बंद भाव से लगभग 8 प्रतिशत तक टूटकर 538.10 रुपये के लो तक गई। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 44800 करोड़ रुपये पर आ गया है। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में मुनाफा बढ़ने और अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किए जाने के बावजूद शेयर में सेलिंग प्रेशर है। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज, HDFC बैंक की NBFC शाखा (नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) है।

कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया कि सितंबर 2026 तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 34.2 प्रतिशत बढ़कर 780 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 581 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय 15.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,534 करोड़ रुपये हो गई, जो सितंबर 2025 तिमाही में 2,192 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन 28 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी के साथ 8.23 प्रतिशत हो गया, जो जो सितंबर 2025 तिमाही में 7.95 प्रतिशत था।

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 30 सितंबर, 2026 तक सालाना आधार पर 11.6 प्रतिशत बढ़कर 1,24,638 करोड़ रुपये के हो गए। एक साल पहले समान तिमाही में ये 1,11,721 करोड़ रुपये के थे। कंपनी के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि अगले 12 से 18 महीनों में AUM की ग्रोथ बढ़कर 17-18 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। निकट अवधि के लिए 8.2 प्रतिशत के शुद्ध ब्याज मार्जिन का लक्ष्य रखा है। लंबी अवधि में भी इसके 8 प्रतिशत से ऊपर बने रहने की उम्मीद है।


HDB Financial Services देगी 2 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड

HDB Financial Services के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रति शेयर 2 रुपये के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। रिकॉर्ड उेट 23 अक्टूबर है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है।

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज जुलाई 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 12500 करोड़ रुपये का था। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में लगभग 30 प्रतिशत कमजोर हुआ है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 797 रुपये और एडजस्टेड लो 538.10 रुपये है।

Shoppers Stop Share Price: Q2 रिजल्ट से एक दिन पहले दिखी तूफानी तेजी, शेयर 15% तक भागा

HDB Financial Services के शेयर पर ब्रोकरेज की राय

ब्रोकरेज JM फाइनेंशियल का कहना है कि HDB फाइनेंशियल का तिमाही प्रदर्शन कमजोर रहा है। लोन बांटने की रफ्तार में सुधार के बावजूद, कंपनी की एसेट क्वालिटी खराब हुई है। JM फाइनेंशियल ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए कंपनी की कमाई के अनुमानों को 3–8 प्रतिशत तक घटा दिया है। साथ ही शेयर के लिए टारगेट प्राइस 820 रुपये से घटाकर 650 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने इस स्टॉक पर 'ऐड' रेटिंग बरकरार रखी है।

वहीं नोमुरा ने रेटिंग बढ़ा दी है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए रेटिंग 'न्यूट्रल' से बढ़ाकर 'बाय' कर दी है। टारगेट प्राइस 790 रुपये प्रति शेयर दिया है। नोमुरा का कहना है कि कंपनी ने लोन बांटने की अपनी अच्छी रफ्तार बनाए रखी है। अनुमान जताया है कि वित्त वर्ष 2027-2029 के दौरान HDB फाइनेंशियल का एसेट्स पर रिटर्न 2.3 प्रतिशत से 2.4 प्रतिशत के बीच और इक्विटी पर रिटर्न 14.1 प्रतिशत से 15.2 प्रतिशत के बीच रहेगा।

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर को कवर करने वाले 18 एनालिस्ट्स में से 10 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 6 ने 'होल्ड' और 2 ने 'सेल' की सलाह दी है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।