Green Portfolio’s के दीवम शर्मा ने बाजार की आगे की दशा और दिशा पर मनीकंट्रोल से बात करते हुए कहा कि इस रैली में मजबूत आउटपरफॉर्म और दूसरे अनुकूल फैक्टरों को देखते हुए लगता है कि भारत में दूसरे विकसित देशों की तुलना में ज्यादा मात्रा में FPI आता दिखेगा। गौरतलब है कि शेष बचे वित्त वर्ष के लिए भारतीय बाजार पर दीवम शर्मा का नजरिया पॉजिटिव है। उनका मानना है कि ऊपरी स्तर से अब तक आए भारी करेक्शन के बाद कुछ मिडकैप आईटी कंपनियों का वैल्यूएशन अच्छा नजर आ रहा है। उनका मानना है कि आईटी सेक्टर में निवेश के लिए वेट और वॉच की रणनीति होनी चाहिए।
सोने की चाल पर बात करते हुए दीवम शर्मा ने कहा कि आगे सोना हमें एक एसेट क्लास के रूप में आउटपरफॉर्म करता नजर आ सकता है। जो देश अपनी करेंसी को मजबूत देने पर फोकस कर रहे हैं और जो अपनी घरेलू करेंसी में कारोबार करते है वे सोने की खरीद करेंगे। इसके अलावा करेंसी के डिजिटलीकरण के साथ ही आगे गोल्ड के मांग में और बढ़त होगी।
आईटी सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली तिमाहियों में विकसित देशों में मंदी के चलते आईटी सेक्टर को मिलने वाले बड़े ऑर्डरों में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि एट्रिशन और एंप्लॉयर कॉस्ट से जुड़ी चुनौतियां जल्द ही ठंडी पड़ती नजर आएंगी।
उन्होंने इस बातचीत में आगे कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रही लड़ाई और चीन और अमेरिका के बीच चल रहे ट्रेड वार और दूसरे जियो पॉलिटिकल मुद्दों के चलते आगे हमें ग्लोबल ट्रेड में भारी उलटफेर देखने को मिलेगा। अमेरिका में अगले कैलेंडर ईयर में मंदी की बड़ी संभावना नजर आ रही है।
उन्होनें इस बातचीत में यह भी कहा कि अमेरिकी की मंदी से भारत को फायदा होने की संभावना है। भारत सरकार अपनी नीतियों में काफी सुधार कर रही है और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने पर फोकस कर रही है। भारत की डेमोग्रॉफिक कंडीशन भी काफी अनुकूल स्थिति में है। इससे आने वाले वर्षों में भारत में काफी FDI आता नजर आ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।