बाजार को ऑलटाइम हाई पर पहुंचाने में लार्ज कैप स्टॉक्स ने काफी बड़ी भूमिका निभाई है। अब बाजार को आगे ले जाने की जिम्मेदारी स्माल और मिड कैप शेयरों पर आ गई है। छोटे मझोले शेयर आगे की तेजी के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। मिड और स्माल कैप इंडेक्स जल्द ही बेंचमार्क इंडेक्स को आउटपरफॉर्म करते नजर आ सकते हैं। इनसे निवेशकों को काफी अच्छा रिटर्न मिलेगा। ये बातें Refolio Investments के संतोष जोसेफ ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कही हैं।
बॉन्ड मार्केट नजर आ रहा अच्छा
उन्होंने इस बातचीत में आगे कहा कि बॉन्ड मार्केट निश्चित तौर पर इस समय काफी बेहतर नजर आ रहा है। जो निवेशक इक्विटी मार्केट के जोखिम से बचना चाहते हैं, उनके लिए बॉन्ड मार्केट काफी आकर्षक हो गया है। बॉन्ड निवेश इस समय नए निवेश के काफी अच्छे मौके दे रहा है।
महंगाई नियंत्रण में नजर आ रही है
RBI पॉलिसी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि RBI के रुख से संकेत मिलता है कि महंगाई नियंत्रण में नजर आ रही है। अगर ऐसा नहीं होता तो ब्याज दरों की बढ़ोतरी 0.35 फीसदी से कहीं ज्यादा होती। हालांकि आरबीआई ने अपने रुख से यह संकेत भी दिया है कि वो आत्मसंतुष्टि की स्थिति में नहीं है। जरूरत पड़ने पर भविष्य में ब्याज दरों में और बढ़ोतरी कर सकता है।
कैलेंडर ईयर 2023 से जुड़ी उम्मीदें मिड और स्माल कैप शेयरों से ही जुड़ी हुई हैं
मिड और स्मालकैप सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि कैलेंडर ईयर 2023 से जुड़ी उम्मीदें मिड और स्माल कैप शेयरों से ही जुड़ी हुई हैं। अब तक बाजार में आई तेजी में लार्ज कैप शेयरों का ही बड़ा योगदान रहा है। ब्रॉडर मार्केट ने इस रैली में कोई बड़ा योगदान नहीं किया है। अगर पिछले एक साल के रिटर्न पर नजर डालें तो निफ्टी ने ऑल टाइम हाई लगाया है। मिडकैप इसके आसपास भी नजर नहीं आ रहा है। वहीं स्माल कैप अभी भी निगेटिव जोन में है। आमतौर पर देखने को मिलता है जब निफ्टी नया हाई बनाता है तो उसके बाद बाजार कंसोलिडेट होता है। इस कंसोलिडेशन के बाद स्माल और मिडकैप शेयरों में जोश आता है। जब बाजार में इस तरह की रैली आती है तो लार्ज कैप के साथ छोटे और मझोले शेयरों का भी योगदान होता है। इस स्थिति में सामान्य तौर पर छोटे-मझोले शेयर दिग्गजों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
भारतीय बाजार में अब कुछ ऐसी ही स्थिति बनती नजर आ रही है। बाजार की तेजी में लार्ज कैप काफी बड़ी भूमिका निभा चुके हैं। अब एक कंसोलिडेशन के बाद हमें मिड और स्माल कैप में रैली की उम्मीद नजर आ रही है। जल्द ही हमें तमाम छोटे मझोले शेयर ऑल टाइम हाई लगाते नजर आएंगे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।