Defence Stocks: डिफेंस, ऐरोस्पेस और क्लीन एनर्जी सेक्टर्स के लिए अहम प्रोडक्ट्स तैयार करने वाली एमटीएआर टेक्नोलॉजीज के लिए जून तिमाही धमाकेदार रही। जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा चार गुना से अधिक बढ़ा और रेवेन्यू दोगुने से अधिक उछला तो शेयरों ने जश्न मनाया। निवेशकों के लिए सबसे शानदार तो कंपनी का ऑर्डर बुक रहा जिसने पूरे वित्त वर्ष 2027 के टारगेट को पहली तिमाही में ही हासिल कर लिया। इसके चलते शेयर उछलकर 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गए। फिलहाल बीएसई पर यह 5.00% की बढ़त के साथ ₹5442.25 (MTAR Tech Share Price) पर है।
MTAR Tech Q1 Result: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में एमटीएआर टेक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 348% बढ़कर ₹50.2 करोड़ पर पहुंच गया तो इस दौरान रेवेन्यू दोगुने से अधिक उछलकर ₹156.6 करोड़ से ₹360.7 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो जून तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी की ईबीआईटीडीए 199% बढ़कर ₹85 करोड़ तो ईबीआईटीडीए मार्जिन 541 बेसिस प्वाइंट्स सुधरकर 23.6% पर पहुंच गया।
जून तिमाही के आखिरी तक कंपनी की ऑर्डर बुक ₹5,143.3 करोड़ पर पहुंच गई, जोकि पूरे वित्त वर्ष 2027 के आखिरी तक तय किए गए ₹5,000 करोड़ के टारगेट से अधिक है। हालांकि कंपनी ने अपना गाइडेंस बरकरार रखा है। कंपनी को एक मौजूदा ग्राहक ने अपना ऑर्डर बदलकर $32.46 करोड़ (करीब ₹3100 करोड़) कर दिया, जिसमें $8.59 करोड़ (करीब ₹820 करोड़) का अतिरिक्त ऑर्डर शामिल है।
आगे की बात करें तो इस वित्त वर्ष 2027 के लिए ऑर्डर बुक के गाइडेंस में अपने अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया और यह ₹5000 करोड़ पर बना हुआ है जिसे इसने जून तिमाही में ही हासिल कर लिया। FY26 के अंत में कंपनी की ऑर्डर बुक ₹2,581.9 करोड़ थी। कंपनी के इस वित्त वर्ष रेवेन्यू में 80% की ग्रोथ और 24% के ईबीआईटीडीए मार्जिन का अनुमान भी बरकरार रखा है। वित्त वर्ष 2026 के आखिरी में कंपनी ने FY27 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान 50% से बढ़ाकर 80% कर दिया था।
जून तिमाही के ये शानदार नतीजे ऐसे समय आए हैं जब कंपनी के प्रमुख ग्राहक ब्लूम एनर्जी (Bloom Energy) ने भी उम्मीद से बेहतर तिमाही रिजल्ट पेश किए और लगातार दूसरी तिमाही के लिए पूरे साल के रेवेन्यू गाइडेंस को बढ़ा दिया। इसकी एमटीएआर टेक के कुल रेवेन्यू में 55%-60% हिस्सेदारी है। एमटीएआर टेक इसके फ्यूल-सेल सिस्टम के लिए अहम पुर्जों की सप्लाई करती है और इसके फ्यूल-सेल सिस्टम की मांग मुख्य रूप से डेटा सेंटर ग्राहकों की वजह से मजबूत बनी हुई है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
एमटीएआर टेक के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। पिछले साल 29 अगस्त 2025 को बीएसई पर यह ₹1,391.00 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 10 ही महीने में यह 526.52% उछलकर पिछले महीने 19 जून 2026 को ₹8,714.95 पर पहुंच गया था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है यानी कि महज 10 महीने में निवेशकों का पैसा छह गुना से अधिक बढ़ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।