दूसरी तिमाही में दीपक फर्टिलाइजर्स का मुनाफा करीब 250 फीसदी बढ़ा है। वही आय में 13 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। मार्जिन में भी 6 फीसदी का उछाल आया है। नतीजों पर खास चर्चा करते हुए दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स के CMD शैलेश सी. मेहता ने कहा कि दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स (DFPCL) ने वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे कंपनी की आय में 13 फीसदी की बढ़त हुई है। इस ग्रोथ में मुख्य योगदान फसल पोषण व्यवसाय का रहा है। इस सेगमेंट की आय में 18 फीसदी सालाना ग्रोथ हुई है। जबकि,केमिकल सेगमेंट के लिए एक कमजोर तिमाही रहने के बावजूद केमिकल कारोबार की कमाई में 8 फीसदी की सालाना बढ़त हुई है। उर्वरक और केमिकल ने एक बड़े सपोर्ट के रूप में काम किया है। इससे कंपनी को लगातार और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली है।
शैलेश सी. मेहता ने आगे कहा कि स्पेशियलिट प्रोडक्ट्स से हुई कमाई के अनुपात में लगातार बढ़त देखने को मिल रहा,साथ ही आय में समग्र स्तर पर भी ग्रोथ हुई है। इसमें कमोडिटी से स्पेशियलिट प्रोडक्ट्स की ओर हुए शिफ्ट के रणनीतिक कदम का बड़ा योगदान रहा है। फसल पोषण व्यवसाय (क्रॉप न्यूट्रिशन बिजनेस) के थोक उर्वरक बिक्री मात्रा में शानदार 83 फीसदी सालाना की ग्रोथ देखने को मिली है जो अब तक की सर्वाधिक बिक्री है।
माइनिंग केमिकल्स की बात करते हुए उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों में गिरावट के कारण मानसून के समय में उत्पादन घट जाता है। जिसको ध्यान में रखते हुए रखरखाव और 50 केटीपीए की क्षमता विस्तार गतिविधियों के लिए टेक्निकल अमोनियम नाइट्रेट (टीएएन) संयंत्र को बंद कर दिया गया था, जिससे कुल क्षमता 587 केटीपीए पर रही।
उन्होंने आगे कहा कि औद्योगिक रसायन व्यवसाय के वॉल्यूम में मामूली कमी के बावजूद 9 फीसदी की अच्छी आय ग्रोथ देखने को मिली है। इन बातचीत में श्री शैलेश सी. मेहता ने आगे कहा कि अमोनिया प्लांट ने कंपनी के सभी बिजनेस वर्टिकल्स को बैकवर्ड इंटीग्रेशन का लाभ पहुंचाया। इससे सप्लाई चेन से जुड़े जोखिम और कीमत के उतार-चढ़ाव के असर को कम करने में सहायता मिली है। परिणामस्वरूप अब कंपनी अमोनिया की ग्लोबल कीमतों में बढ़त से निपटने में सक्षम है। शैलेश ने आगे कह कि अच्छी बारिश से फर्टिलाइजर इंडस्ट्री को फायदा हुआ है। कंपनी की विस्तार योजनाओं से अमोनिया की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घटेगा।
शैलेश का कहना है कि भारत की विकास की स्टोरी कायम है इसलिए रसायन और उर्वरक क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है। फसल पोषण,माइनिंग केमिकल और इंडस्ट्रियल केमिकल व्यवसाय के लिए होने वाली मांग भारत की विकास गाथा के साथ अच्छी तरह से जुड़ी हुई है। इससे कंपनी को मजबूत और सकारात्मक सपोर्ट हासिल है। कंपनी भविष्य के विकास अवसरों का फायदा उठाने के लिए गोपालपुर और दाहेज में टीएएन प्रोजेक्ट और नाइट्रिक एसिड प्रोजेक्ट के विस्तार पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। कंपनी ने विस्तार योजनाओं के लिए ज्यादातर कर्ज लिए हैं। इससे प्रॉफिट और लॉस (P&L) पर असर नहीं होग। कंपनी ने 200 करोड़ के कर्ज भी चुकाए हैं।