Diwali Muhurt Trading: मुहूर्त ट्रेडिंग दीवाली के मौके पर शुभ मुहूर्त में कारोबार करने की परंपरा रही है। एक घंटे के लिए होने वाले इस कारोबार में एक दिन के लिए काफी चहल-पहल दिखती है। पिछले 15 वर्षों के आंकड़े देखें तो 15 बार के मुहूर्त ट्रेडिंग में 12 बार बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ है। वर्ष 2008 के मुहूर्त ट्रेडिंग ने तो बाजार के दिग्गजों को भी चौंका दिया।
दीवाली से नए संवत यानी कारोबारियों के लिए नए वर्ष की शुरुआत होती है। आज 24 अक्टूबर से नया संवत 2079 शुरू हो रहा है। दीवाली के मौके पर सामान्य कारोबार बंद रहता है लेकिन एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग होती है। दीवाली के मौके पर इस बार 24 अक्टूबर की शाम 06:15 बजे से 07:15 बजे के बीच मुहूर्त ट्रेडिंग होगी।
15 साल में सिर्फ तीन बार बाजार में रही गिरावट
दीवाली के मौके पर हर साल एक घंटे के लिए मुहूर्त ट्रेडिंग होती है। पिछले 15 साल में सिर्फ तीन बार मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स कमजोर हुआ है। वर्ष 2017, वर्ष 2016 और वर्ष 2012 में सेंसेक्स गिरावट के साथ बंद हुआ था।
2008 में Muhurt Trading पर बाजार की तेजी ने किया हैरान
करीब चौदह साल पहले वर्ष 2008 की मुहूर्त ट्रेडिंग ने ट्रेडर्स को हैरान कर दिया था। 28 अक्टूबर 2008 को एक घंटे के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 5.86 फीसदी के उछाल के साथ बंद हुआ था। वैश्विक मंदी के दौर में यह अब तक का सबसे बेहतर मुहूर्त ट्रे़डिंग माना जाता है।