Forex Market : भारतीय रुपया बुधवार के 86.69 की क्लोजिंग के मुकाबले 69 पैसे मजबूत होकर शुक्रवार को 86.05 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ है। मिरे एसेट शेयरखान में रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी का कहना है कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में तेज गिरावट और पॉजिटिव घरेलू बाजारों के कारण आज भारतीय रुपये में करीब 0.7 फीसदी की तेजी आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन को छोड़कर सभी देशों पर टैरिफ रोक दिए जाने के बाद अमेरिकी डॉलर 100 अंक से नीचे गिर गया। हालांकि,कच्चे तेल की कीमतों में रिकवरी और एफआईआई की बिकवाली ने रुपए में तेज बढ़त को रोक दिया।
उम्मीद है कि टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता के बीच रुपया निगेटिव रुझान के साथ कारोबार करेगा,जिससे ग्लोबल मार्केट की धारणा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी रुपये को निचले स्तरों पर सहारा दे सकती है। ट्रेडर अमेरिका के पीपीआई और कंज्यूमर सेंटीमेंट डेटा पर नजरें बनाए हुए हैं। USDINR स्पॉट प्राइस के 85.75 रुपये से 86.50 रुपये के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक दिलीप परमार का कहना है कि रीजन करेंसियों में मजबूती और जोखिम भरे माहौल के चलते तीन दिनों की गिरावट के बाद भारतीय रुपया मजबूत हुआ है। अमेरिकी सरकार द्वारा 90 दिनों के लिए टैरिफ को रोकने के फैसले और अमेरिका-चीन के बीच एक दूसरे के प्रति जवाबी रवैये ने डॉलर पर दबाव डाला है। निकट भविष्य में, स्पॉट USDINR को 85.40 पर सपोर्ट और 86.90 पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है।
करेंसी की तरह ही आज इक्विटी बाजार में भी तेजी देखने को मिली है। US टैरिफ पर 90 दिनों की राहत से बाजार में शानदार तेजी आई है। सेंसेक्स-निफ्टी शानदार बढ़त के साथ बंद हुए हैं। सेंसेक्स-निफ्टी में करीब 2 फीसदी की तेजी देखने को मिली। BSE के सभी सेक्टर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। मेटल और एनर्जी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली है। निफ्टी PSE इंडेक्स में करीब 2.5 फीसदी की तेजी रही है। निफ्टी 429 प्वाइंट चढ़कर 22,829 पर बंद हुआ है। सेंसेक्स 1,310 प्वाइंट चढ़कर 75,157 पर बंद हुआ है। निफ्टी बैंक 762 प्वाइंट चढ़कर 51,002 पर बंद हुआ है। मिडकैप 919 प्वाइंट चढ़कर बंद हुआ है। आज निफ्टी के 50 में से 46 शेयरों में तेजी रही। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी बैंक के सभी 12 शेयरों में तेजी रही।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।