Dow Jones hits 40,000: अमेरिका की 30 बड़ी कंपनियों के शेयरों के उतार-चढ़ाव को मापने वाला डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज गुरुवार 16 मई को पहली बार 40 हजार के पार चला गया। हालांकि यह लेवल बरकरार नहीं रह सका और कारोबारी दिन के आखिरी में यह फिसलकर रेड जोन में बंद हुआ। हालांकि गिरावट एकदम मामूली ही है। इससे पहले डाउ जोन्स ने 40 हजार का अहम मनोवैज्ञानिक लेवल पार किया जिस लेवल के काफी नजदीक यह इस साल की शुरुआत में ही पहुंच गया था। हालांकि हाई इंटेरेस्ट रेट से जुड़ी चिंताओं ने इसे वापस खींच लिया था। अब कंपनियों के मजबूत वित्तीय नतीजे और महंगाई के नरम आंकड़ों ने इसे तगड़ा सपोर्ट किया और यह पहली बार 40 हजार के पार चला गया। इंट्रा-डे में यह 40,051.05 तक पहुंचा था और दिन के आखिरी में 38.62 प्वाइंट्स यानी 0,1 फीसदी की गिरावट के साथ 39,869.38 पर बंद हुआ।
Walmart ने पहुंचाया Dow Jones को 40,000 के पार
गुरुवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज ने पहली बार 40 हजार का लेवल पार किया लेकिन फिर यह रेड जोन में आकर बंद हुआ। इंट्रा-डे में डाउ जोन्स को रिकॉर्ड ऊंचाई पर वालमार्ट ने पहुंचाया। मार्च तिमाही के मजबूत नतीजे के दम पर वालमार्ट के शेयर गुरुवार को 7 फीसदी उछल गए। इस साल यह 21 फीसदी मजबूत हुआ है।
अमेरिकी इनफ्लेशन के नरम आंकड़ों से निवेशकों का सेंटिमेंट पॉजिटिव
निवेशकों का सेंटिमेंट अमेरिकी इनफ्लेशन के नरम आंकड़ों से पॉजिटिव हुआ है। ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स ने बुधवार को आंकड़े जारी किए और इन आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल महीने में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी सीपीआई 3.4 फीसदी रही जो एनालिस्ट्स के अनुमान से कम रही। इससे पहले मंगलवार यानी 14 मई को फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल ने जोर देकर कहा कि महंगाई दर केंद्रीय बैंक के 2 फीसदी के टारगेट तक आने की उम्मीद है। Yardeni Research के प्रेसिडेंट Ed Yardeni का मानना है कि इस साल के आखिरी तक इंफ्लेशन का यह टारगेट हासिल हो सकता है।