Droneacharya Aerial Innovations Listing: ढहते बाजार में भी पुणे की ड्रोन स्टार्टअप ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस ने लिस्टिंग पर शानदार कमाई कराई है। मेनबोर्ड आईपीओ लिस्टिंग गेन के मामले में फेल हो रहे हैं और एसएमई आईपीओ ने करीब 90 फीसदी का लिस्टिंग गेन दिया। ड्रोनआचार्य के शेयर बीएसई एसएमई पर आज 102 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए हैं। आईपीओ निवेशकों को 54 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं यानी कि निवेशकों को लिस्टिंग पर 90 फीसदी का मुनाफा मिला है। लिस्टिंग के बाद भी इसकी तेजी थमी नहीं और यह 107 रुपये (Droneacharya Aerial Innovations Share Price) के हाई पर चला गया। इंट्रा-डे में आज 23 दिसंबर को लो लेवल 96.90 रुपये रहा और यह भी इश्यू प्राइस से ऊपर है। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रुझान मिला था और 243.70 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
Droneacharya IPO को मिला था शानदार रिस्पांस
ड्रोनआचार्य का इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 13-15 दिसंबर 2022 के बीच खुला था। 34 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के लिए 52-54 रुपये का प्राइस बैंड और 2 हजार शेयरों का लॉट साइज फिक्स था। निवेशकों ने इस इश्यू को हाथोंहाथ लिया। सबसे अधिक उत्साह खुदरा निवेशकों में दिखा और उनके लिए आरक्षित हिस्सा 330.82 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स का हिस्सा महज 46.21 गुना सब्सक्राइब हुआ लेकिन नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 287.80 गुना सब्सक्राइब हुआ। ओवरऑल यह इश्यू 243.70 गुना सब्सक्राइब हुआ।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
ड्रोनआचार्य एआई देश के उन पहले निजी कंपनियों में शुमार है जिसे इस साल DGCA (डायरेक्टरोट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) से RPTO (रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन) का लाइसेंस मिला। इसने मार्च 2022 से लेकर अब तक 180 से अधिक ड्रोन पायलट्स को प्रशिक्षित किया है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2022 में 3.09 करोड़ रुपये का कारोबार किया था और 72.06 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था। अब कंपनी जमीन और पानी के भीतर सर्वे के लिए पूरी तरह से स्वदेशी ड्रोन बनाने पर काम कर रही है।