Eicher Motors Share Price: रॉयल एनफील्ड ने जुलाई में बेचीं 34% ज्यादा बाइक, खबर से पेरेंट का शेयर 2% उछला

Eicher Motors Share Price: देश के अंदर बिक्री सालाना आधार पर 38.1 प्रतिशत बढ़कर 1,05,317 यूनिट रही। एक्सपोर्ट 10 प्रतिशत बढ़ गया। रॉयल एनफील्ड आंध्र प्रदेश में नई ग्रीनफील्ड फैसिलिटी के पहले चरण पर काम शुरू करने जा रही है। इसके लिए 1,225 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा

अपडेटेड Aug 03, 2026 पर 4:28 PM
रॉयल एनफील्ड की जुलाई महीने में कुल बिक्री 1,18,232 मोटरसाइकिलों की रही।

बुलेट बाइक बनाने वाली रॉयल एनफील्ड ​की पेरेंट कंपनी आयशर मोटर्स (Eicher Motors) के शेयरों में 3 अगस्त को दिन में लगभग 3 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर की कीमत 8055 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 8000 रुपये पर सेटल हुआ।कंपनी ने शनिवार, 1 अगस्त को डेटा शेयर किया था कि रॉयल एनफील्ड की जुलाई महीने में कुल बिक्री 1,18,232 मोटरसाइकिलों की रही। यह एक साल पहले की 88,045 यूनिट्स की बिक्री से 34 प्रतिशत ज्यादा है।

देश के अंदर बिक्री सालाना आधार पर 38.1 प्रतिशत बढ़कर 1,05,317 यूनिट रही, जबकि जून 2025 में यह 76,254 यूनिट्स थी। एक्सपोर्ट 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 12,915 मोटरसाइकिलों पर पहुंच गया, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 11,791 यूनिट्स का था। रॉयल एनफील्ड के मुताबिक, 350cc तक की इंजन क्षमता वाले मॉडल्स और इलेक्ट्रिक बाइक्स की कुल बिक्री जुलाई महीने में सालान आधार पर 38 प्रतिशत बढ़कर 1,05,048 यूनिट रही। 350cc से ज्यादा इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों की कुल बिक्री एक साल पहले के मुकाबले 10 प्रतिशत बढ़कर 13,184 यूनिट पर पहुंच गई।

एक बयान में आयशर मोटर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और रॉयल एनफील्ड के CEO, बी. गोविंदराजन ने कहा कि जुलाई कंपनी के लिए एक और शानदार महीना रहा। इसमें मुख्य मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो की परफॉर्मेंस स्थिर रही और कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल 'फ्लाइंग फ्ली C6' को बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला। रॉयल एनफील्ड बेंगलुरु में नए 'फ्लाइंग फ्ली' रिटेल सेल्स और सर्विस आउटलेट खोल रही है। यह भी कहा कि जुलाई महीने में 'लिमिटेड-एडिशन शॉटगन 650xरफ क्राफ्ट्स' को ग्लोबल लेवल पर लॉन्च किया गया। यह भारत में सिर्फ 3 मिनट में बिक गई।


Eicher Motors का शेयर एक साल में 44 प्रतिशत मजबूत

आयशर मोटर्स का मार्केट कैप 2.19 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक साल में 45 प्रतिशत मजबूत हुआ है। वहीं 3 साल में 136 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। 3 महीनों में कीमत 12 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 49.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

आयशर मोटर्स वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 82 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर 20 अगस्त को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। उसके बाद पेमेंट 30 दिनों के अंदर किया जाएगा। इस डिविडेंड को लेकर शेयरहोल्डर्स की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट 31 जुलाई 2026 थी। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार हैं।

Muthoot Finance Share Price: Q1 रिजल्ट के बाद भारी सेलिंग, शेयर 11% तक लुढ़का; जेफरीज ने रेटिंग और टारगेट घटाया

आंध्र प्रदेश में लगेगा नया प्लांट

रॉयल एनफील्ड आंध्र प्रदेश में नई ग्रीनफील्ड फैसिलिटी के पहले चरण पर काम शुरू करने जा रही है। इसके लिए 1,225 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। पूरा प्लांट लगाने पर कुल 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। फुल कैपिसिटी के साथ इस प्लांट की क्षमता सालाना 4.5 लाख तक मोटरसाइकिल बनाने की होगी। इसके वित्त वर्ष 2029–30 तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। आयशर मोटर्स का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 21.3 प्रतिशत बढ़कर 1,462.51 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 1,205.22 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 6,632.42 करोड़ रुपये रहा, जो जून 2025 तिमाही में 5,041.84 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।