Electro Force (India) का शेयर 27 दिसंबर को NSE SME इंडेक्स पर लिस्ट हो गया। कंपनी ने 100 रुपये प्रति शेयर के प्राइस पर शुरुआत की है। यह IPO के 93 रुपये के प्राइस बैंड से करीब 7.6 प्रतिशत ज्यादा है। दिन के दौरान शेयर 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105 रुपये के हाई तक गया और अपर सर्किट लग गया। Electro Force (India) Limited इलेक्ट्रॉनिक्स, लाइटिंग, स्विचगियर और अलाइड इंडस्ट्रीज के लिए इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स और मेटल/प्लास्टिक कॉन्टैक्ट पार्ट्स डिजाइन व मैन्युफैक्चर करती है। यह क्वालिटी टेस्टिंग, पैकेजिंग, असेंबली, सेकेंडरी ऑपरेशंस और लॉजिस्टिक्स सर्विसेज भी उपलब्ध कराती है।
80.68 करोड़ रुपये का Electro Force (India) IPO 19 से 21 दिसंबर के बीच ओपन रहा था। इसके लिए प्राइस बैंड 93 रुपये प्रति शेयर पर फिक्स था। यह 4.28 गुना सब्सक्राइब हुआ। नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.12 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 6.44 गुना सब्सक्राइब हुआ था। पब्लिक इश्यू में 55.80 करोड़ रुपये के 60 लाख नए शेयर जारी किए गए। साथ ही 24.88 करोड़ रुपये वैल्यू के 26.75 लाख शेयरों का OFS (Offer for Sale) रहा।
Electro Force (India) को साल 2010 में इनकॉरपोरेट किया गया था। इसकी वसई, महाराष्ट्र में एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है, जो कि लीज पर है। वित्त वर्ष 2023 में Electro Force (India) का रेवेन्यू 12.04 प्रतिशत और शुद्ध मुनाफा 7.48 प्रतिशत गिरा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मार्च 2023 तक कंपनी का रेवेन्यू 30.29 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा करीब 8 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 में 30 सितंबर 2023 तक Electro Force (India) का रेवेन्यू 23.14 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 7.11 करोड़ रुपये था।