होम अप्लायंसेज कंपनी वोल्टास लिमिटेड के शेयर के लिए ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल ने टारगेट प्राइस में कटौती की है। इसे 1650 रुपये से घटाकर 1500 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। यह नया टारगेट शेयर के BSE पर शुक्रवार, 15 मई को बंद भाव 1231.10 रुपये से लगभग 22 प्रतिशत ज्यादा है। इसका मतलब है कि शेयर में उछाल की गुंजाइश बनी हुई है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है।
वोल्टास, टाटा ग्रुप का एक ब्रांड है। कंपनी का मार्केट कैप 40700 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। 3 महीनों में कीमत 19 प्रतिशत नीचे आई है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 30.30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल ने अपने नोट में लिखा कि Voltas की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही कमजोर रही। रेवेन्यू सालाना आधार पर केवल 2.5 प्रतिशत बढ़कर 4887.83 करोड़ रुपये रहा। EBIT मार्जिन भी उम्मीद से कम केवल 5 प्रतिशत रहा। अनुमान 7.8 प्रतिशत का था। इसकी वजह कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी, रुपये की गिरावट रही। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना आधार पर लगभग 52 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। यह 113.43 करोड़ रुपये रहा। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वोल्टास के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि EBITDA मार्जिन धीरे-धीरे सुधरेगा। इसके लिए कीमतों में ज्यादा टारगेटेड बढ़ोतरी की जाएगी।
वित्त वर्ष 2027 में रूम एयर कंडीशनर की मांग को लेकर नजरिया सावधानीभरा लेकिन आशावादी है। साल 2026 की गर्मियों की शुरुआत अच्छी रही। हालांकि कुछ जगहों पर बारिश की वजह से मांग पर असर पड़ा, इसलिए मैनेजमेंट 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनाए हुए है।
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल ने वोल्टास के लिए EPS अनुमानों में वित्त वर्ष 2027 के मामले में 18 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2028 के मामले में 11 प्रतिशत की कटौती की है। हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि वोल्टास के शेयर के लिए वैल्यूएशंस आकर्षक हैं। इन सब फैक्टर्स के बेसिस पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी गई है और टारगेट प्राइस घटाया गया है।
Voltas देगी ₹4 का डिविडेंड
Voltas वित्त वर्ष 2026 के लिए 4 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने वाली है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। बैठक के बाद 5वें दिन या 5 दिन बाद डिविडेंड को क्रेडिट कर दिया जाएगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 7 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।