एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स लिमिटेड को स्वच्छ महाराष्ट्र मिशन डायरेक्टरेट से दो बड़े इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं। इनकी कुल कीमत 972 करोड़ रुपये है। इस नए डेवलपमेंट से सोमवार, 13 अप्रैल को शेयर की कीमत में उछाल देखने को मिल सकता है। शुक्रवार को बीएसई पर शेयर 173.35 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसे मिला एक कॉन्ट्रैक्ट 587.21 करोड़ रुपये (GST सहित) का है।
इसमें कंपनी को कैटेगरी-I के तहत कुल 120.50 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) विकसित करने हैं। एक STP की क्षमता 5 MLD से कम होगी। इस प्रोजेक्ट में महाराष्ट्र में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत, एक लाख से कम आबादी वाले 306 शहरी स्थानीय निकायों में EPC बेसिस पर 209 km की इंटरसेप्शन और डायवर्जन (I&D) पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी, ताकि गंदे पानी को सही दिशा में ले जाकर उसका उपचार किया जा सके। साथ ही 887.20 km का सीवर नेटवर्क भी तैयार किया जाएगा।
एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स को मिला दूसरा कॉन्ट्रैक्ट 384.98 करोड़ रुपये (GST सहित) का है। इसमें कंपनी को कैटेगरी-II के तहत कुल 121.10 MLD क्षमता वाले STP विकसित करने हैं। एक STP की क्षमता 5 MLD या उससे अधिक होगी। इस प्रोजेक्ट में भी एक लाख से कम आबादी वाले 306 शहरी स्थानीय निकायों में EPC बेसिस पर 105.50 km की I&D पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। साथ ही 433.68 km का सीवर नेटवर्क भी तैयार किया जाएगा।
24 महीनों में पूरे करने हैं दोनों कॉन्ट्रैक्ट
Enviro Infra Engineers को दोनों कॉन्ट्रैक्ट्स को 24 महीनों की अवधि में पूरा करना है। ये प्रोजेक्ट व्यापक स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 पहल का हिस्सा हैं। उद्देश्य महाराष्ट्र के छोटे शहरी केंद्रों में सीवेज ट्रीटमेंट के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और स्वच्छता कवरेज में सुधार करना है। ये कॉन्ट्रैक्ट, रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शंस के तहत नहीं आते हैं। एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स गवर्नमेंट अथॉरिटी/बॉडी के लिए वॉटर और वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स और वॉटर सप्लाई स्कीम प्रोजेक्ट के डिजाइन, निर्माण, संचालन और रखरखाव में लगी हुई है। कंपनी के प्रमोटर संजय जैन, मनीष जैन, रितु जैन और सांची जैन हैं।
2 सप्ताह में Enviro Infra Engineers शेयर 25 प्रतिशत चढ़ा
Enviro Infra Engineers का मार्केट कैप 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर पिछले 2 सप्ताह में 25 प्रतिशत मजबूत हुआ है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 306.30 रुपये और एडजस्टेड लो 135 रुपये है। कंपनी BSE, NSE पर नवंबर 2024 में लिस्ट हुई थी। इसका 650.30 करोड़ रुपये का IPO 89.9 गुना सब्सक्राइब हुआ था। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 230 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 41 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।