Rekha Jhunjhunwala Portfolio Stock Federal Bank Result: दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल फेडरल बैंक के लिए चालू वित्त वर्ष की शुरुआत मिली-जुली रही। निजी सेक्टर के इस बैंक का नेट प्रॉफिट जून 2024 तिमाही में सालाना आधार पर 18 फीसदी से अधिक उछलकर 1009.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान बैंक के प्रॉफिट मार्जिन में गिरावट आई लेकिन एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है और एनपीए में कमी आई। शेयरों की बात करें तो आज BSE पर यह 1.74 फीसदी की बढ़त के साथ 201.45 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि बोर्ड ने बॉन्ड्स के जरिए इसे 6 हजार करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दी है।
Federal Bank Q1 Result की खास बातें
फेडरल बैंक का स्टैंडएलोन शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में सालाना आधार पर 18.25 फीसदी उछलकर 1009.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो इसके लिए रिकॉर्ड है। तिमाही आधार पर इसमें 11.39 फीसदी की तेजी आई। हालांकि सालाना आधार पर नेट प्रॉफिट मार्जिन 14.83 फीसदी से गिरकर 13.93 फीसदी और ऑपरेटिंग मार्जिन 7.72 फीसदी से गिरकर 6.62 फीसदी पर आ गया। मार्च 2024 तिमाही में नेट प्रॉफिट मार्जिन 13.46 फीसदी और ऑपरेटिंग मार्जिन 16.49 फीसदी पर था। एसेट क्वालिटी की बात करें तो इसमें सुधार हुआ है। ग्रॉस एनपीए सालाना आधार पर 2.38 फीसदी से गिरकर 2.11 फीसदी और नेट एनपीए 0.69 फीसदी से गिरकर 0.60 फीसदी पर आ गया।
जून तिमाही में टोटल डिपॉजिट्स सालाना आधार पर 20 फीसदी उछलकर 2.22 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर करंट अकाउंट और सेविंग्स अकाउंट यानी CASA रेश्यो 0.83 फीसदी फिसलकर 32.68 फीसदी से 31.85 फीसदी पर आ गया। सालाना आधार पर इसमें 2.58 फीसदी की गिरावट आई। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन तिमाही आधार पर 0.05 फीसदी फिसलकर 3.16 फीसदी पर आ गया। ब्याज से नेट इनकम यानी कि NII सालाना आधार पर 19.46 फीसदी बढ़कर 2292 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक की टोटल इनकम इस दौरान 26 फीसदी बढ़कर 7246 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
Rekha Jhunjhunwala ने जून तिमाही में हल्की की हिस्सेदारी
रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो पर आम निवेशकों की नजर रहती है कि उन्होंने क्या खरीदा और क्या बेचा। फेडरल बैंक की बाते करें तो रेखा ने इसमें अपनी होल्डिंग हल्की है। जून तिमाही में उनकी हिस्सेदारी 0.10 फीसदी कम हुई और अब उनके पास इसके 37,109,060 शेयर हैं। बीएसई पर मौजूद शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक अब उनकी हिस्सेदारी 1.5 फीसदी है जबकि मार्च तिमाही में यह 1.6 फीसदी पर थी। बजट के दिन यानी 23 जुलाई 2024 को इसके शेयर 203.40 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। पिछले साल 14 अगस्त 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 130.55 रुपये पर था।