Fed Policy Meet: US के फेडरल रिजर्व ने नहीं घटाई ब्याज दर, स्थिर छोड़ा; चेयरमैन पॉवेल बोले- अर्थव्यवस्था ने मजबूती से ​फिर चौंकाया

Fed Policy Meet: फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की दो दिन की बैठक के बाद पॉलिसीमेकर्स ने बेंचमार्क ब्याज दर को 3.50%-3.75% की रेंज में रखने का फैसला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ब्याज दर में कटौती के दबाव के बावजूद फेड ने रेट कट नहीं किया

अपडेटेड Jan 29, 2026 पर 7:54 AM
Story continues below Advertisement
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की दो दिन की बैठक 27 और 28 जनवरी को हुई।

अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने जनवरी की मीटिंग में ब्याज दरों में कोई बदलाव न करते हुए इन्हें स्थिर रखा है। फेड के चेयरमैन जेरोम पॉवेल का कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मजबूती है। महंगाई और रोजगार दोनों के लिए जोखिम कम है। यह आउटलुक संकेत देता है कि उधार लेने की लागत में किसी भी और कटौती से पहले लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की दो दिन की बैठक के बाद पॉलिसीमेकर्स ने 10-2 से वोट करके बेंचमार्क ब्याज दर को 3.50%-3.75% की रेंज में रखने का फैसला किया। पॉवेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अर्थव्यवस्था ने एक बार फिर अपनी मजबूती से हमें चौंका दिया है।

रॉयटर्स के मुताबिक, पॉवेल ने कहा कि फेड इस बात का आकलन करने के लिए अच्छी स्थिति में है कि कब या क्या एक और रेट कट की जरूरत हो सकती है। फेड चेयरमैन के मुताबिक, 'ऐसे कई कॉम्बिनेशन हो सकते हैं, अनगिनत कॉम्बिनेशन जो हमें कदम उठाने पर मजबूर कर सकते हैं। लेबर मार्केट का कमजोर होना या महंगाई का फेड के 2% के लक्ष्य तक वापस नीचे आना, इन संभावनाओं में से दो हैं।'

दिसंबर में 0.25% घटाई थी ब्याज दर


पॉवेल ने आगे कहा कि दिसंबर में फेड की पिछली पॉलिसी मीटिंग के बाद से महंगाई के बढ़ने का जोखिम और रोजगार के घटने का जोखिम कम हो गया है। हालांकि जोखिम अभी भी मौजूद हैं। फेड की पॉलिसी सही दिशा में है। दिसंबर 2025 की मीटिंग में फेड ने लगातार तीसरी बार रेट कट किया था। ओवरनाइट लेंडिंग रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी, जिसके बाद ब्याज दर 3.50%-3.75% प्रतिशत के दायरे में आ गई। इससे पहले अक्टूबर और सितंबर की मीटिंग में भी ओवरनाइट बॉरोइंग रेट में 0.25-0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी।

Stocks to Watch: गुरुवार, 29 जनवरी को फोकस में रहेंगे ये 20 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

बैंक ऑफ कनाडा ने भी ब्याज दर छोड़ी जस की तस

बैंक ऑफ कनाडा ने भी बुधवार को अपनी पॉलिसी रेट को बिना किसी बदलाव के 2.25% पर बरकरार ​रखा। गवर्नर टिफ मैकलम ने कहा कि ट्रेड में ज्यादा अनिश्चितता के कारण यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि दरें अगली बार कब और कैसे बदलेंगी। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आजादी खत्म होने का खतरा भी अनिश्चितता को बढ़ा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अमेरिकी सेंट्रल बैंक के प्रमुख जेरोम पॉवेल के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की है। कनाडा के सेंट्रल बैंक ने 2026 और 2027 में मामूली ग्रोथ के अपने अनुमान को बनाए रखा और कहा कि महंगाई 2% के टारगेट के आसपास रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।