FII Portfolio: विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मई महीने में लगातार तीसरे महीने फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों के शेयरों की बिकवाली की। विदेशी निवेशकों ने मई में इन कंपनियों के ₹23,141 करोड़ के शेयर बेचे। हालांकि इसकी रफ्तार सुस्त पड़ी क्योंकि अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों ने फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों के ₹30,856 करोड़ और मार्च महीने में ₹60,655 करोड़ करोड़ के शेयर बेचे थे। सिर्फ यही नहीं, विदेशी निवेशकों ने ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, ऑटो, कंस्ट्रक्शन मैटेरियल्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में बिकवाली की तो दूसरी तरफ सर्विसेज, कैपिटल गुड्स और मेटल एंड माइनिंग सेक्टर में पैसे डाले।
इस कारण फाइनेंशियल सेक्टर में अधिक दिखी बिकवाली
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल, डॉलर की मजबूती और अन्य बाजारों में एआई से जुड़ी तेजी का फायदा उठाने की होड़ मच गई है जिसके चलते दुनिया भर में अमेरिका को लेकर रुझान बढ़ रहा है। इसके चलते विदेशी निवेशक लगातार पैसे निकाल रहे हैं। क्रेडिट ग्रोथ की सुस्त रफ्तार, भारतीय वित्तीय कंपनियों के हाई वैल्यूएशन और जियो-पॉलिटिकल टेंशन ने बिकवाली के दबाव को और बढ़ा दिया और मुनाफावसूली का सबसे अधिक दबाव अधिक वैटेज वाले बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज स्टॉक्स पर दिखा।
विदेशी निवेशकों ने फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में मई में ₹23,141 करोड़ के नेट शेयर बेचे जबकि अप्रैल में यह आंकड़ा ₹30,856 करोड़ और अप्रैल में ₹60,655 करोड़ का था। सिर्फ फाइनेंशियल सर्विसेज ही नहीं, बल्कि ऑयल एंड गैस सेक्टर में मार्च में ₹4,129 करोड़ और अप्रैल में ₹6,703 करोड़ के शेयरों की बिक्री के बाद मई में ₹8,978 करोड़ की बिकवाली की। एफएमसीजी सेक्टर में विदेशी निवेशकों ने मई महीने में ₹3,561 करोड़ और ऑटो सेक्टर में ₹2,532 करोड़ की बिकवाली की। विदेशी निवेशकों ने एफएमसीजी सेक्टर में अप्रैल में ₹3,205 करोड़ और मार्च में ₹5,419 करोड़ की बिकवाली की थी तो ऑटो सेक्टर में अप्रैल में ₹5,479 करोड़ और मार्च में ₹12,498 करोड़ के शेयर बेचे।
कंज्यूमर सेक्टर से भी विदेशी निवेशकों ने मई में ₹1995 करोड़ और आईटी सेक्टर से ₹1911 करोड़ निकाल लिए। अप्रैल महीने में ₹7770 करोड़ के कंज्यूमर स्टॉक्स और ₹4212 करोड़ के आईटी स्टॉक्स बेचे थे। इसके अलावा मई में विदेशी निवेशकों ने मई में ₹1,641 करोड़ के कंज्यूमर मैटेरियल्स स्टॉक्स, ₹1449 करोड़ के कंज्यूमर ड्यूरेबल्स स्टॉक्स और ₹1211 करोड़ के कंस्ट्रक्शन स्टॉक्स बेच दिए।
इन सेक्टर्स में की खरीदारी
विदेशी निवेशकों ने कुछ सेक्टर्स में पिछले महीने खरीदारी भी की थी। उन्होंने सर्विसेज सेक्टर में ₹7,204 करोड़, कैपिटल गुड्स सेक्टर में ₹2799 करोड़ और मेटल्स एंड माइनिंग में ₹667 करोड़ का नेट इंवेस्टमेंट किया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।