फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयरों में 8 अक्टूबर को दिन में 17 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 150.55 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। बैंक ने एक दिन पहले जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए बिजनेस अपडेट जारी किया था। बैंक ने शेयर बाजारों को बताया कि तिमाही के दौरान औसत कुल डिपॉजिट सालाना आधार पर 13% बढ़कर ₹2,794 करोड़ के रहे। रिन्यूअल इनकम 20% बढ़कर ₹28 करोड़ हो गई।
पेमेंट्स बैंक के डिजिटल रूप से एक्टिव कस्टमर्स की संख्या भी सितंबर 2026 तिमाही में एक साल पहले के मुकाबले 13% बढ़कर 64.9 लाख हो गई। वहीं, फिनोपे (FinoPay) के एक्टिव कस्टमर्स की संख्या 12% बढ़कर 8.1 लाख हो गई। तिमाही के दौरान फिनो पेमेंट्स बैंक के लोन-रेफरल डिस्बर्सल की वैल्यू सितंबर 2025 तिमाही की तुलना में 3.2 गुना बढ़कर ₹278 करोड़ हो गई। CMS थ्रूपुट 10% बढ़कर ₹6,918 करोड़ हो गया।
इन पॉजिटिव आंकड़ों के बीच, सिंतबर 2026 तिमाही के दौरान फिनो पेमेंट्स बैंक के लिए 2 नेगेटिव बातें भी सामने आईं। पहली यह कि तिमाही के दौरान बैंक में 2.45 लाख अकाउंट खुले, जो एक साल पहले के मुकाबले 17% कम रहे। दूसरी यह कि ट्रांजेक्शन थ्रूपुट ₹3,469 करोड़ रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही के मुकाबले 10% कम है।
Fino Payments Bank का शेयर एक साल में 50 प्रतिशत टूटा
Fino Payments Bank के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। बैंक में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की कीमत एक साल में घटकर आधी रह गई है। साल 2026 में अब तक शेयर 40 प्रतिशत से ज्यादा कमजोर हुआ है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 339 रुपये और एडजस्टेड लो 110.10 रुपये है।
जून तिमाही में 13.72 करोड़ का घाटा
फिनो पेमेंट्स बैंक को अप्रैल-जून 2026 तिमाही में 13.72 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। एक साल पहले बैंक 17.76 करोड़ रुपये के मुनाफे में था। जून 2026 तिमाही में बैंक की कुल इनकम सालाना आधार पर 32 प्रतिशत से ज्यादा घटकर 306.87 करोड़ रुपये रही थी। जून 2025 तिमाही में यह 453.47 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।