F&O Manual: बाजार आज फुल जोश में दिख रहा है। अदाणी-GQG पार्टनर्स डील से बाजार का मूड सुधरा है। निफ्टी आज 250 अंकों से ज्यादा उछलकर 17600 के पार चला गया है। बैंक निफ्टी 900 अंक दौड़ा है। RIL,HDFC BANK, SBI और ICICI बैंक ने बाजार में सबसे ज्यादा जोश भरा है। सरकारी बैंकों ने आज सबसे ज्यादा तेजी दिखाई है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा ऊपर दिख रहा है। SBI में आज 5 फीसदी का उछाल देखने को मिला था। यूको बैंक-यूनियन बैंक में 6-7 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। फिलहाल निफ्टी 289.05 अंक यानी 1.67 फीसदी की बढ़त के साथ 17,610.95 के स्तर पर दिख रहा है। वहीं, सेंसेक्स 969.5 अंक यानी 1.65 फीसदी की तेजी के साथ 59878.85 के स्तर पर दिख रहा है।
गैप-अप ओपनिंग के चलते आज कॉल राइटर्स अपनी पोजीशन ऊपर की तरफ शिफ्ट करने के लिए हाथ-पांव मारते दिखे । इसी तरह, अधिकांश पुट राइटर्स भी 17500 की तरफ मूव करते दिखे। उनको इस बात की उम्मीद थी कि ये स्तर आज का बैटल जोन का काम करेगा।
ट्रेडर्स की राय, बाजार की बढ़त रहेगी कायम
ट्रेडर्स का कहना कि उन्हें उम्मीद है कि बाजार अपनी बढ़त कायम रखेगा। हालांकि बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। उनका ये भी कहना है कि निवेश फर्म जीक्यूजी पार्टनर्स द्वारा अडाणी समूह की कंपनियों में धमाकेदार निवेश से भी बाजार की धारणा में सुधार हुआ है।
अदाणी-GQG पार्टनर्स डील से सुधरा बाजार का मूड
अदाणी समूह की कंपनियों ने 2 मार्च को ब्लॉक डील के जरिए यूएस पीई फर्म जीक्यूजी पार्टनर्स को सेकेंडरी बाजार में 15446 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। ये ब्लॉक डील कंपनी की चार सहायक कंपनियों - अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड, अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अदाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड और अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड में हुई हैं। अदाणी एंटरप्राइजेज ने 5,460 करोड़ रुपये, अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड ने 5,282 करोड़ रुपये, अदाणी ग्रीन एनर्जी ने 2,806 करोड़ रुपये और बिजली वितरक अदाणी ट्रांसमिशन ने 1,898 करोड़ रुपये के शेयर बेचे है। इस बिक्री से मिले पैसे का इस्तेमाल प्रमोटरों द्वारा ऋण चुकाने और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
वोलैटिलिटी भी घटी
वोलैटिलिटी का मानक इंडिया VIX भी काफी निचले स्तर पर दिख रहा है ये बुल्स के लिए अच्छा संकेत है। आज बाजार में सभी सेक्टरों में तेजी देखने को मिल रही है। एफएंडओ सेगमेंट में मौजूद सभी सेक्टर में लॉन्ग बिल्टअप देखने को मिला है। ओपन इंटरेस्ट के साथ कीमतें बढ़ने की स्थिति को लॉन्ग बिल्टअप कहते हैं ये एक पॉजिटिव संकेत होता। आज के कारोबार में इन्फ्रा और बैंकिंग विशेष रूप से फोकस में हैं।
अदाणी एंटरप्राइजेज में बड़े पैमाने पर लॉन्ग बिल्डअप
अदाणी एंटरप्राइजेज में बड़े पैमाने पर लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिला है। ये स्टॉक अपनी गिरावट की भरपाई जारी रखे हुए है। बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, केनरा बैंक और एसीसी लॉन्ग बिल्डअप देखा गया है। इस बीच अदाणी पोर्ट्स में शॉर्ट कवरिंग देखने को मिली है। दूसरी तरफ श्री सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईईएक्स में मंदी का रुख देखने को मिला है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।