F&O Manual:बाजार आज 5 जून को बढ़त के साथ खुला और क्रूड ऑयल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच अब तक बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहा है। आज के कारोबार में ऑटो और मीडिया शेयर सुर्खियों में रहे। निजी बैंकों में भी कुछ खरीदारी देखने को मिली है। फिलहाल निफ्टी 93 अंक यानी 0.5 फीसदी की बढ़त के साथ 18625 के स्तर पर दिख रहा है। वहीं, बैंक निफ्टी 0.65 फीसदी की बढ़त के साथ 44224 के आसपास दिख रहा है। आज ट्रेडर्स ने तेजी के दांव लगाए हैं। लेकिन उनका ये भी कहना है कि अब जब तक गिरावट नहीं आती है, तब तक वे नई पोजीशन नहीं जोड़ेंगे।
एक डेरिवेटिव ट्रेडर संतोष पासी का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि निफ्टी महीने के अंत तक 18900 या 19000 तक पहुंच जाएगा। हालांकि उनका ये भी मानना है कि आज के कारोबार के दौरान बाजार थोड़ा अस्थिर रह सकता है। एक दूसरे डेरिवेटिव ट्रेडर अंकुश बजाज का कहना है कि उन्हें भी थोड़ी गिरावट की उम्मीद है लेकिन बैंक निफ्टी में तेजी की उम्मीद है।
मेहता इक्विटीज के सीनियर वीपी (रिसर्च) प्रशांत तापसे का कहना है कि निफ्टी के 18663 के स्तर को पार करने पर ही बाजार में और तेजी आती दिखेगी। इंडेक्स के लिए मेक-एंड-ब्रेक सपोर्ट 18463 पर है। जबकि बैंक निफ्टी के लिए 43786 पर सपोर्ट है।
क्या कहते हैं ऑप्शन आंकड़े
ऑप्शन डेटा से पता चलता है कि निफ्टी के लिए 18600 पर सपोर्ट है। इसी स्ट्राइक पर सबसे ज्यादा पुट राइटिंग देखी गई है। स्ट्रैडल ट्रेडों का सबसे ज्यादा संचय 18650 और 18700 स्ट्राइक पर देखने को मिल रहा है। बता दें की स्ट्रैडल ट्रेड एक तटस्थ रणनीति होती है।
अलग-अलग शेयरों पर नजर डालें तो हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे रक्षा क्षेत्र के शेयरों में लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिला है। इसके अलावा ट्रेडर्स ने टाटा केमिकल्स और इंडिया सीमेंट्स पर भी तेजी का दांव लगाया। एमएंडएम और ज़ी एंटरटेनमेंट भी बुल्स के रडार पर हैं। लॉन्ग बिल्ड-अप तब होता है जब शेयर की कीमत और ओपन इंटरेस्ट एक साथ बढ़ते हैं। ये एक पॉजिटिव संकेत है
दूसरी तरफ एबी कैपिटल, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और कैनफिन होम्स जैसे फाइनेंशियल शेयरों में शॉर्ट बिल्डअप देखने को मिला है। शॉर्ट बिल्ड-अप तब होता है जब ओपन इंटरेस्ट बढ़ता है लेकिन स्टॉक की कीमत में गिरावट आती है। यह शेयरों में गिरावट का संकेत है
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।