दो महीनों तक नेट सेलर रहने के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI or Foreign Portfolio Investors) ने नवंबर में एक बार फिर भारतीय शेयर बाजारों (Indian Equity Markets) में दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने गुजरे माह में करीब 9,000 करोड़ रुपये का निवेश किया। इसके साथ ही डिपॉजिटरी के आंकड़ों से पता चलता है कि FPI ने पिछले महीने डेट मार्केट में 14,860 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया, जो 6 साल का उच्चतम स्तर है। आगे FPI का रुख कैसा रहेगा, यह काफी हद तक घरेलू बाजार के रुझान पर निर्भर करेगा। देश के शेयर बाजारों पर 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों का असर पड़ने की संभावना है।
