विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने 14 जून को समाप्त सप्ताह में भारतीय शेयर बाजारों में 11,730 करोड़ रुपये (1.4 अरब अमेरिकी डॉलर) का शुद्ध निवेश किया। डिपॉजिटरी के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इससे पिछले यानि 3 से 7 जून के सप्ताह के दौरान FPI ने शेयरों से शुद्ध रूप से 14,794 करोड़ रुपये निकाले थे। ताजा निवेश के बाद इस महीने अब तक FPI की शेयरों से शुद्ध निकासी 3,064 करोड़ रुपये रही है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि जून के पहले सप्ताह में उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में स्थिरता लौटी है। शेयर बाजार की अस्थिरता मापने वाला India VIX 4 जून को 27 पर पहुंच गया था लेकिन 14 जून को यह गिरकर 12.82 पर आ गया। यह संकेत है कि बाजार में स्थिरता लौटी है।
मॉर्निंगस्टार इनवेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर-मैनेजर रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘इस बार की सरकार सहयोगी दलों पर निर्भर है, लेकिन लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में आने से नीतिगत सुधारों और आर्थिक वृद्धि के जारी रहने की उम्मीद बनी है।’’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका में उम्मीद से कम महंगाई के आंकड़ों ने भी इस साल दर कटौती की उम्मीद बढ़ा दी है।
मई में FPI ने शेयरों से कितने पैसे निकाले
इससे पहले मई में FPI ने चुनावी नतीजों से पहले भारतीय शेयरों से 25,586 करोड़ रुपये निकाले थे। वहीं मॉरीशस के साथ भारत की कर संधि में बदलाव और अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में निरंतर वृद्धि की चिंताओं के कारण अप्रैल में उन्होंने 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की थी। FPI ने मार्च में शेयरों में 35,098 करोड़ रुपये और फरवरी में 1,539 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था, जबकि जनवरी में उन्होंने 25,743 करोड़ रुपये निकाले थे।
डेट मार्केट को लेकर क्या रुख
इस महीने 14 जून तक FPI ने डेट या बॉन्ड बाजार में 5,700 करोड़ रुपये डाले हैं। कुल मिलाकर इस साल अब तक FPI शेयरों से शुद्ध रूप से 26,428 करोड़ रुपये निकाले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने बॉन्ड बाजार में 59,373 करोड़ रुपये डाले हैं।