मंदी की आशंका और कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच भारतीय बाजार 03 अक्टूबर को गिरावट के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 638.11 अंक यानी 1.11 फीसदी की गिरावट के साथ 56,788.81 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 207.00 अंक यानी 1.21 फीसदी की गिरावट के साथ 16,887.35 के स्तर पर बंद हुआ।फार्मा को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी बैंक, ऑटो, एनर्जी, FMCG, मेटल और पीएसयू बैंक शेयर 1-3 फीसदी टूटे हैं।
आज इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल
Nykaa | CMP: Rs 1304.55 | आज यह शेयर 2.5 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। कंपनी ने अपने इक्विटी शेयरों पर बोनस जारी करने का ऐलान किया है, जिससे शेयर में खरीदारी देखने को मिल रही है। नायका ने कहा कि वह कंपनी के शेयरहोल्डर्स को रिकॉर्ड डेट पर प्रति शेयर पांच के अनुपात में बोनस शेयर जारी करेगी। हालांकि, इसके लिए पोस्टल बैलेट के जरिये शेयरहोल्डर्स से मंजूरी लेनी होगी। नायका ने कहा कि शेयरहोल्डर्स को 1 रुपये प्रति शेयर फेस वैल्यू वाले 2,37,27,61,850 इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। हालांकि, बोनस इक्विटी शेयरों की वास्तविक संख्या रिकॉर्ड डेट पर पेड अप शेयर कैपिटल के आधार पर तय होगी। इस खबर के चलते आज यह शेयर जोश में रहा।
Suzlon Energy | CMP: Rs 7.9 | आज यह शेयर करीब 10 फीसदी टूटा है। कंपनी के फाउंडर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर तुलसी तांती की अचानक मौत के बाद Suzlon Energy के शेयरों पर निवेशकों का भरोसा डगमगाया है। नर्वस निवेशक शेयरों में बिकवाली करके निकल रहे हैं। हालांकि कंपनी ने अपनी तरफ से साफ कर दिया है कि तुलती तांती की मौत के बावजूद कंपनी अपने राइट्स इश्यू के प्लान पर टिकी रहेगी। कंपनी ने 5:21 राइट इश्यू का प्रस्ताव पेश किया था।
Bata India | CMP: Rs 1783 | आज इस शेयर में 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। कंचन चहल को बाटा ग्रुप के साथ ग्लोबल रोल निभाने का प्रस्ताव है। वे पूर्णकालिक निदेशक के पद से हट गए, लेकिन गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में बाटा इंडिया में बोर्ड की सेवा करना जारी रखेंगे। इसके अलावा विद्या श्रीनिवासन ने 12 नवंबर, 2022 से प्रभावी रूपये कंपनी के निदेशक वित्त और मुख्य वित्तीय अधिकारी (Director – Finance and Chief Financial Officer) के पद से इस्तीफा दे दिया है।
Zydus Lifesciences | CMP: Rs 409.50 | आज यह शेयर 6 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। Zydus को हाई ब्लडप्रेसर की दवा के लिए USFDA की मंजूरी मिली है। दवा का निर्माण हिमाचल प्रदेश के बद्दी में ग्रुप की निर्माण फैसिलिटी में किया जाएगा। इस खबर का असर आज इस स्टॉक पर देखने को मिला।
Coal India | CMP: Rs 214.80 | आज यह शेयर 1.5 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। कंपनी ने कहा कि सितंबर 2022 में उसका कोयला उत्पादन 12.3% बढ़कर 4.57 करोड़ टन हो गया। वहीं पिछले महीने की समान अवधि की तुलना में ऑफटेक 1.1% बढ़कर 4.89 करोड़ टन हो गया। ये प्रोविजनल आंकड़े हैं। इस खबर का असर आज इस स्टॉक पर देखने को मिला ।