Gautam Adani ने शेयरों में मौजूदा उतार-चढ़ाव को बताया 'अस्थायी', कहा- 'मजबूत गवर्नेंस के दम पर हम हुए सफल'

गौतम अडानी की यह टिप्पणी ऐसे दिन आई है, जब अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने अपने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। अडानी एंटरप्राइजेज का शुद्ध मुनाफा दिसंबर तिमाही में 820 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले साल इस तिमाही में कंपनी ने 11.63 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था

अपडेटेड Feb 14, 2023 पर 6:15 PM
अडानी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों में जनवरी के आखिरी हफ्ते से भारी बिकवाली देखी जा रही है

विवादों से जूझ रही अडानी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों में जनवरी के आखिरी हफ्ते से भारी बिकवाली देखी जा रही है। हालांकि ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) का कहना है कि उनकी कंपनियों के शेयरों में जारी मौजूदा उतार-चढ़ाव 'अस्थायी' है। उन्होंने मंगलवार 14 फरवरी को जारी एक बयान में कहा, "अडानी एंटरप्राइजेज ने पिछले 3 दशकों के दौरान तिमाही दर तिमाही और साल दर साल न सिर्फ खुद को भारत के सफल इंफ्रास्ट्रक्चर इनक्यूबेटर के रूप में साबित किया है। बल्कि एक कोर इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस खड़ा करने का ट्रैक रिकॉर्ड भी दिखाया है।"

गौतम अडानी की यह टिप्पणी ऐसे दिन आई है, जब अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने अपने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। अडानी एंटरप्राइजेज का शुद्ध मुनाफा दिसंबर तिमाही में 820 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले साल इस तिमाही में कंपनी ने 11.63 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था।

कंपनी की कारोबार से आय 42 फीसदी बढ़कर 26,612.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो एक साल पहले 18,757.9 करोड़ रुपये था।


अडानी ने बताया, "अडानी एंटरप्राइजेज की असाधारण लचीलापन और एक बेहद मुनाफे वाला कोर सेक्टर बिजनेस खड़ा करने की क्षमता बताता है कि अडानी ग्रुप की अन्य कंपनियों की विविध क्षमताओ का इस्तेमाल करने की हमारी रणनीति सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए लगातार लंबी-अवधि के मूल्य पैदा कर रही है।"

यह भी पढ़ें- A10 Index: अडानी ग्रुप के 10 शेयरों की वैल्यू 60% हुई कम, हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने दिया ऐसा झटका

बता दें कि अडानी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों की मार्केट वैल्यू में बीते 24 जनवरी के बाद से अब तक करीब 10.02 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ चुकी है। यह गिरावट एक अमेरिकी शॉर्ट-सेलर फर्म 'हिंडनबर्ग रिसर्च' की रिपोर्ट के बाद आई है। रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर 'अकाउंटिंग हेरफेर' और 'शेयरों की कीमतों में छेड़छाड़' का आरोप लगाया गया था।

गौतम अडानी ने हिंडनबर्ग के लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। अडानी एंटरप्राइजेज के तिमाही परिणामों पर टिप्पणी करते हुए एक बार उन्होंने अपने बचाव को दोहराया। उन्होंने कहा, "हमारी सफलता मजबूत गवर्नेंस, नियमों के सख्त पालन, टिकाऊ प्रदर्शन और मजबूत कैश फ्लो के कारण है।"

गौतम अडानी ने कहा, "बाजार में मौजूदा उतार-चढ़ाव स्थायी है। एक इनक्यूबेटर के तौर पर हमारा लक्ष्य लंबी-अवधि के लिए मूल्य बनाना है। अडानी एंटरप्राइजेज कर्ज को कम करने और विस्तार के रणनीतिक मौकों को तलाशने और बढ़ने के दोहरे लक्ष्य पर आगे भी काम करती रहेगी।"

अडानी एंटरप्राइजेज के तीसरी तिमाही के नतीजों के तुरंत बाद उसके शेयरों में उछाल देखी गई और कारोबार के अंत में यह एनएसई पर 1.88% की तेजी के साथ 1,750.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।