Gensol Engineering News: जेनसॉल इंजीनियरिंग के शेयर एक साल के हाई से 90 फीसदी से अधिक नीचे आ चुके हैं। इसने 1 लाख के करीब रिटेल शेयरहोल्डर्स यानी 2 लाख रुपये तक के निवेश वाले शेयरहोल्डर्स की नींद उड़ा दी है। खास बात ये है कि खुदरा निवेशकों की हिस्सेदारी तेजी से कंपनी में बढ़ी थी और अब इसकी गड़बड़ियों के खुलासे ने उन्हें परेशान कर दिया है और सेबी की कार्रवाई से वह चिंतित हो उठे हैं। शेयरों की बात करें तो आज बीएसई पर यह 5 फीसदी की गिरावट के साथ 123.65 रुपये (Gensol Engineering Share Price) के लोअर सर्किट पर पर आ गया जोकि रिकॉर्ड हाई से 91.01 फीसदी नीचे है। यह एक साल का निचला स्तर भी है। पिछले साल 20 फरवरी 2024 को यह इंट्रा-डे में 1,377.10 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।
