Gift Nifty: शेयर बाजार में 15 अप्रैल यानी बुधवार को बंपर तेजी आ सकती है। इसके संकेत गिफ्ट निफ्टी से मिल रहे हैं। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिफ्ट निफ्टी 1.1 फीसदी ऊपर चल रहा था। दिन में 11:20 बजे यह 0.93 फीसदी यानी 223 प्वाइंट्स चढ़कर 24,100 प्वाइंट्स पर चल रहा था। इसका मतलब है कि 15 अप्रैल को शेयर बाजार मजबूत खुलेंगे। निफ्टी फिर से 24,000 प्वाइंट्स का लेवल पार कर जाएगा। सेंसेक्स में भी अच्छी तेजी दिख सकती है।
14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर बीएसई-एनएसई में छुट्टी
14 अप्रैल यानी मंगलवार को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शेयर बाजार में छुट्टी है। BSE और NSE दोनों 15 अप्रैल यानी बुधवार को खुलेंगे। भारतीय शेयर बाजार में 13 अप्रैल यानी सोमवार को गिरावट आई थी। सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा गिरा था। Nifty 50 में भी 200 अंक से ज्यादा गिरावट आई थी। इससे यह 24,000 के नीचे आ गया था। अमेरिका-ईरान में शांति वार्ता बेनतीजा खत्म होने के चलते शेयर बाजारों में गिरावट आई।
13 अप्रैल को भारतीय बाजार में आई थी गिरावट
अमेरिकी शेयर बाजार 13 अप्रैल को तेजी के साथ बंद हुए। बाजार को उम्मीद है कि आखिर में अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो जाएगा। एसएंडपी 500 1.02 फीसदी चढ़कर 6,886.24 पर बंद हुआ। 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से यह सूचकांक सबसे हाई लेवल पर बंद हुआ। Nasdaq Composite में भी 1.23 फीसदी का उछाल आया। डावो जेंस भी 0.63 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों में तेजी का भारतीय बाजारों पर पॉजिटिव असर पड़ता है। हालांकि, बाजार की नजरें 14 अप्रैल के अमेरिकी मार्केट की क्लोजिंग पर होगी।
क्रूड ऑयल में नरमी से भी बाजार में उत्साह
इस बीच, क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी दिखी है। 14 अप्रैल को ब्रेंट क्रूड 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ 98.291 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.77 फीसदी गिरकर 97 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। पाकिस्तान में अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत बेनतीजा खत्म होने पर क्रूड ऑयल की कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गई थी। क्रूड का फिर से 100 डॉलर के नीचे आना शेयर बाजार और इंडियन इकोनॉमी के लिए अच्छी खबर है। इसका असर भी 15 अप्रैल यानी बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर दिखेगा।
14 अप्रैल को एशियाई शेयर बाजारों में तेजी
एशियाई बाजारों में भी 14 अप्रैल को अच्छी तेजी देखने को मिली। जापान के निक्केई और दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 2-2 फीसदी से ज्यादा तेजी दिखी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा बातचीत शुरू होने की संभावना खत्म नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच सुलह की संभावना से बाजार में उत्साह है। इसका असर 15 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार के सेंटिमेंट पर दिख सकता है।