Gland Pharma Share Price: फार्मा स्टॉक में 16% तक की तूफानी तेजी, मुनाफे में 97% उछाल के बाद 52 वीक के नए हाई पर

Gland Pharma Share Price: शेयर को कवर करने वाले 18 एनालिस्ट्स में से 13 ने इसे "बाय" रेटिंग दी है। कंपनी के मैनेजमेंट को वित्त वर्ष 2027 के दौरान 12-13 प्रतिशत ग्रोथ की उम्मीद है। ग्लैंड फार्मा वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 20 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है

अपडेटेड May 18, 2026 पर 1:25 PM
Story continues below Advertisement
मार्च 2026 तिमाही के लिए Gland Pharma का EBITDA लगभग 48 प्रतिशत बढ़ गया।

फार्मा कंपनी ग्लैंड फार्मा (Gland Pharma) के शेयरहोल्डर्स के लिए 18 मई का दिन बेहद शानदार है। शेयर की कीमत दिन में पिछले बंद भाव से 16 प्रतिशत तक चढ़ी। BSE पर कीमत 2170 रुपये के हाई तक गई और 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 35000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने शुक्रवार, 15 मई को जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 366.7 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 186.5 करोड़ रुपये था।

ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,742.8 करोड़ रुपये रहा, जो मार्च 2025 तिमाही में 1,424.9 करोड़ रुपये था। मार्च 2026 तिमाही के लिए EBITDA लगभग 48 प्रतिशत बढ़ गया, जबकि EBITDA मार्जिन बढ़कर 29 प्रतिशत हो गया। कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन (CDMO) बिजनेस, ग्लैंड फार्मा के लिए ग्रोथ का एक मुख्य जरिया बना हुआ है। मार्च 2026 तिमाही के दौरान इस सेगमेंट का कुल रेवेन्यू में 46 प्रतिशत का योगदान रहा और इसमें सालाना आधार पर 36 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 6430.65 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1027.31 करोड़ रुपये रहा। एडजस्टेड EBITDA 33 प्रतिशत और मार्जिन 26 प्रतिशत बढ़ा। वित्त वर्ष के दौरान CDMO के रेवेन्यू का कुल बिक्री में 46 प्रतिशत योगदान रहा। कंपनी के मैनेजमेंट को वित्त वर्ष 2027 के दौरान 12-13 प्रतिशत ग्रोथ की उम्मीद है।


बाय, सेल या होल्ड: अब क्या करें निवेशक

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने Gland Pharma के शेयर की रेटिंग अपग्रेड करके "एड" कर दी है। पहले रेटिंग 'रिड्यूस' रखी थी। टारगेट प्राइस भी 1770 रुपये से बढ़ाकर 2075 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। सोमवार को शेयर इस नए टारगेट प्राइस को क्रॉस कर चुका है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी को वित्त वर्ष 2027 के लिए 12-13 प्रतिशत ग्रोथ की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2028 के लिए 15 प्रतिशत और उसके बाद 19-20 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान है। इस हिसाब से अगले 4 सालों के लिए चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 15 प्रतिशत होगी। ब्रोकरेज ने नए प्रोडक्ट्स की लॉन्चिंग और ऑपरेटिंग लेवरेज के चलते ग्लैंड फार्मा के लिए FY26-29 के दौरान प्रति शेयर अनुमानित कमाई (EPS) में 22 प्रतिशत की मजबूत CAGR का अनुमान लगाया है।

Gland Pharma को कवर करने वाले 18 एनालिस्ट्स में से 13 ने इसे "बाय" रेटिंग दी है। 2 ने "होल्ड" और 3 ने "सेल" रेटिंग दी है। शेयर एक साल में 45 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 51.83 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Gland Pharma देगी 20 रुपये का डिविडेंड

ग्लैंड फार्मा वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 20 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर 25 अगस्त को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद 30 दिनों के अंदर इसका पेमेंट कर दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट 11 अगस्त, 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।

Hindustan Aeronautics का शेयर और 5% तक लुढ़का, 3 दिन में 10% कमजोर; ब्रोकरेज को आगे कैसी दिख रही राह

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।