Godrej Properties share price: भारत की एक दिग्गज रियल एस्टेट डेवलपर गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड (जीपीएल) ने 15 जून को बताया है कि उसने कोलकाता में न्यू अलीपुर के अपस्केल आवासीय क्षेत्र में 7.44 एकड़ भूमि पार्सल का अधिग्रहण किया। यह अधिग्रहण पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की तरफ से आयोजित एक ई-नीलामी के जरिए किया गया है। इस जमीन के लिए हुई नीलामी में जीपीएल सबसे ऊंची बोली लगाने वाले के रूप में उभरा है। कंपनी की योजना इस जमीन पर एक लक्ज़री ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित करने की है। इसके कंपनी को लगभग 1200 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है।
कंपनी ने इस बारे में जारी अपने अधिकृत बयान में कहा है कि न्यू अलीपुर एरिया को अच्छी तरह से स्थापित भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे के लिए जाना जाता है। यहां से कोलकाता के अंदर स्थित अहम सामाजिक और वाणिज्यिक केंद्रों के लिए अच्छी कनेक्टिविटी है। गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक और सीईओ गौरव पांडे ने हाल के वर्षों में लग्जरी रियल एस्टेट की मजबूत मांग पर प्रकाश डालते हुए इस अधिग्रहण पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने आगे कहा कि यह प्रोजेक्ट कोलकाता में जीपीएल का दूसरा लक्जरी प्रोजेक्ट होगा। इसका उद्देश्य एक उत्कृष्ट आवासीय समुदाय बनाना और इसके निवासियों के लिए लॉन्ग टर्म वैल्यू क्रिएट करना है।
शेयर की चाल पर नजर डालें ते ये स्टॉक आज 11 बजे के आसपास एनएसई पर 57.00 अंक यानी 3.78 फीसदी की बढ़त के साथ 1565.90 रुपए के आसपास दिख रहा था। आज का इसका दिन का लो 1495.00 रुपए का और दिन का हाई 1576.90 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक हाई 1576.90 रुपए का और 52 वीक लो 1005 रुपए का है। स्टॉक का वॉल्यूम 1501921 शेयरों के आसपास है। कंपनी का मार्केट कैप 43656 करोड़ रुपए है। आज ये स्टॉक 1511.50 रुपए पर खुला था। जबकि कल ये 1,506.55 रुपए पर बंद हुआ था।
तीन साल में दिया 91.83 फीसदी रिटर्न
पिछले 1 हफ्ते में स्टॉक ने 10.26 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं, 1 महीने में ये स्टॉक 13.19 फीसदी भागा है। 3 महीने में इस स्टॉक में 44.07 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल अब तक ये शेयर 28.32 फीसदी भागा है। जबकि पिछले एक साल में इस स्टॉक में 26.28 फीसदी रिटर्न मिला है। वहीं, पिछले 3 साल में स्टॉक में 91.83 फीसदी की तेजी आई है।