गोल्ड और सिल्वर ETFs में 7% की भारी गिरावट; निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका या बढ़ेगा खतरा?

Gold-Silver ETFs: गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंडों (ETF) में आज 4 मार्च को तेज गिरावट देखने को मिली। कई ETFs के भाव 7 प्रतिशत तक लुढ़क गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आंशिक रिकवरी के बावजूद घरेलू बाजार में एक दिन पहले की भारी गिरावट का असर दिखाई दिया। गोल्ड की तुलना में सिल्वर ETFs में अधिक गिरावट देखने को मिली।

अपडेटेड Mar 04, 2026 पर 2:44 PM
Story continues below Advertisement
Gold-Silver ETFs: बुधवार को ग्लोबल बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिली

Gold-Silver ETFs: गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंडों (ETF) में आज 4 मार्च को तेज गिरावट देखने को मिली। कई ETFs के भाव 7 प्रतिशत तक लुढ़क गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आंशिक रिकवरी के बावजूद घरेलू बाजार में एक दिन पहले की भारी गिरावट का असर दिखाई दिया। गोल्ड की तुलना में सिल्वर ETFs में अधिक गिरावट देखने को मिली।

ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF करीब 7.33 प्रतिशत गिर गया, जबकि निपॉन इंडिया सिल्वर ETF में 7.12 प्रतिशत की गिरावट आई। SBI सिल्वर ETF लगभग 7.18 प्रतिशत और टाटा सिल्वर ETF करीब 7.43 प्रतिशत तक टूट गया।

गोल्ड ETF भी दबाव में

सोने से जुड़े ETF भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे। ICICI प्रूडेंशियल गोल्ड ETF लगभग 3.87 प्रतिशत गिरा। निपॉन इंडिया ETF गोल्ड में करीब 3.3 प्रतिशत की कमजोरी आई। इसके अलावा SBI गोल्ड ETF करीब 3.52 प्रतिशत और टाटा गोल्ड ETF लगभग 3.09 प्रतिशत नीचे कारोबार करता दिखा।


शेयर बाजार भी लुढ़का

सुबह करीब 9:55 बजे शेयर बाजार भी दबाव में नजर आया। बीएसई सेंसेक्स 1,621.9 अंक यानी 2 प्रतिशत से अधिक गिरकर 78,617 के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 505.5 अंक टूटकर 24,360.2 पर पहुंच गया। शेयर बाजार में मौजूद अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडिया VIX इंडेक्स 20 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 20.69 के स्तर पर पहुंच गया।

पिछले सत्र की गिरावट का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक दिन पहले मंगलवार को सोने-चांदी की दाम में तेज गिरावट दिखी थी। हालांकि भारतीय बाजार इस दिन होली के चलते बंद थे। ऐसे में भारत में इस गिरावट का असर आज देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी। सोना एक सप्ताह से अधिक के निचले स्तर तक पहुंच गया था।

मजबूत अमेरिकी डॉलर और निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने से निवेशकों के मनोबल पर असर पड़ा है। वहीं चांदी की कीमतों में और भी तेज गिरावट आई थी, जो 8 प्रतिशत से अधिक टूट गई थी।

भू-राजनीतिक तनाव से कीमतों में रिकवरी

हालांकि बुधवार को ग्लोबल बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 1.6 प्रतिशत बढ़कर लगभग 5,168.69 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में करीब 1.1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। स्पॉट सिल्वर भी पिछले सत्र की तेज गिरावट के बाद लगभग 3.5 प्रतिशत उछला।

एनालिस्ट्स के मुताबिक, अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर हमला और मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण ग्लोबल अनिश्चितता बढ़ी है। इससे सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग फिर से बढ़ने लगी।

भारत में सोने की कीमतों पर दबाव

इसके बावजूद घरेलू बाजार में सोने की कीमतें अभी भी दबाव में हैं। हाल के रिकॉर्ड स्तर 5,300 डॉलर प्रति औंस से गिरने के बाद अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई कमजोरी का असर भारत में भी दिखाई दिया है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 2,800 से 2,900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गई है, जिससे कीमतें लगभग 1.67 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गई हैं।

यह भी पढ़ें- Share Market Crash: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से हाहाकार, सेंसेक्स 1700 अंक टूटा, ₹10 लाख करोड़ से ज्यादा डूबे

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।