Groww Share Price: ग्रो की पेरेंट कंपनी बिलियनब्रेंस गैरेज वेंचर्स के शेयर 10 अप्रैल को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। लगातार तीसरे दिन शेयरों में तेजी आई। कारोबार के दौरान एक समय शेयर 5 फीसदी से ज्यादा उछाल के साथ 197 रुपये पर पहुंच गए थे। कारोबार खत्म होने पर शेयर 3.74 फीसदी के उछाल के साथ 193.65 रुपये पर बंद हुए।
स्ट्रॉन्ग वॉल्यूम के साथ शेयरों में उछाल
खास बात यह है कि स्ट्रॉन्ग वॉल्यूम के साथ Groww के शेयरों में तेजी आई। शुरुआती दो घंटे के कारोबार में ही करोड़ 3 करोड़ शेयरों में सौदे हुए। पिछले महीने जेपी मॉर्गन ने ग्रो के शेयरों का कवरेज शुरू किया था। उसने शेयर को 'ओवरवेट' रेटिंग दी थी और 210 रुपये का टारगेट प्राइस दिया था। इसके बाद से शेयरों में सेंटीमेंट मजबूत है। ब्रोकरेज फर्म ने ग्रो को इंडिया का सबसे फायदेमंद लिस्टेड कंज्यूमर इंटरनेट प्लेटफॉर्म बताया था।
इंडस्ट्री से ज्यादा रह सकती है ग्रो की ग्रोथ
जेपी मॉर्गन ने कहा था कि ग्रो की ग्रोथ इंडस्ट्री की ग्रोथ से ज्यादा रह सकती है। इसमें कंपनी की बढ़ती बाजार हिस्सेदारी, नए इवेस्टर्स के बीच स्ट्रॉन्ग पोजिशनिंग और मजबूत क्रॉस-सेलिंग कपैसिटी का हाथ होगा। उसने कहा था कि ग्रो का शेयर बतौर डिस्काउंट ब्रोकर महंगा लग सकता है, लेकिन इंटरनेट प्लेटफॉर्म के रूप में देखने पर इसकी वैल्यूएशन अट्रैक्टिव लगती है। इससे पहले यूबीएस ने ग्रो को कवर करना शुरू किया था। उसने शेयर को न्यूट्रल रेटिंग दी थी। क्लाइंट्स की संख्या के लिहाज से ग्रो देश की सबसे बड़ी ब्रोकरेज फर्म है।
ज्यादातर एनालिस्ट्स ने दी खरीदने की सलाह
ग्रो को कवर करने वाले 7 एनालिस्ट्स में से 5 ने इसे खरीदने की सलाह दी है। एक ने इसे होल्ड करने और एक ने इसे बेचने की सलाह दी है। ग्रो ने पिछले साल नवंबर में आईपीओ पेश किया था। इसने 95-100 रुपये का प्राइस बैंड रखा था। कंपनी के शेयर 12 नवंबर को 14 फीसदी प्रीमियम के साथ 114 रुपये पर लिस्ट हुए थे। पहले ही दिन शेयर 131 रुपये पर बंद हुआ था। तब से यह शेयर 47 फीसदी चढ़ चुका है। 10 अप्रैल को यह 197 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।