Grand Continent Hotels IPO Listing: गोवा, कर्नाटक समेत देश के कई राज्यों के कई अहम शहरों में होटल चेन चलाने वाली ग्रैंड कॉन्टिनेंट होटल्स के शेयरों की आज NSE SME पर फीकी एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.79 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 113 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 112.90 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि कुछ पूंजी ही कम हुई। लिस्टिंग के बाद और शॉक तब लगा जब शेयर और नीचे आए। टूटकर यह 107.25 रुपये (Grand Continent Hotels Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 5.09% घाटे में हैं।
Grand Continent Hotels IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
ग्रैंड कॉन्टिनेंट होटल्स का ₹74.46 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 20-24 मार्च तक खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 1.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.93 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.39 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.32 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 70.74 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,28,800 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 34.08 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने, 16.8 करोड़ रुपये होटल प्रॉपर्टीज बढ़ाने और बाकी आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Grand Continent Hotels के बारे में
वर्ष 2011 में बनी ग्रैंड कॉन्टिनेंट होटल्स के देश के 6 बड़े शहरों में 19 प्रॉपर्टीज हैं जिसमें 900 से अधिक कमरे हैं। सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी और ज्वाइंच वेंचर पार्टनर एंटिटीज कर्नाटक के बेंगलुरु और मैसूर, तमिलनाडु के होसुर, गोवा के अंजुना और मोरजिम, आंध्र प्रदेश के तिरुपति और तेलंगाना के हैदराबाद में 16 होटल्स में 753 कमरे ऑपरेट कर रहे हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2022 में इसे 79 लाख रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2023 में यह 1.05 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे में आ गई जो वित वर्ष 2024 में बढ़कर 4.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 128 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 31.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 6.81 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 31.86 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।