आदित्य बिड़ला समूह (Aditya Birla) की फ्लैगशिप कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज (Grasim Industries) ने हाल ही में पेंट ब्रांड बिड़ला ओपस (Birla Opus) लॉन्च किया है। इसकी डीलर प्राइसिंग, देश की दिग्गज पेंट कंपनी एशियन पेंट्स के अधिकांश प्रोडक्ट्स की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत डिस्काउंट पर है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज का कहना है कि लग्जरी को छोड़कर सभी सेगमेंट्स में दोनों ब्रांड की डीलर प्राइसिंग के बीच कुल अंतर मोटे तौर पर 10-15 प्रतिशत लग रहा है। लग्जरी सेगमेंट में बिड़ला ओपस की डीलर प्राइसिंग, एशियन पेंट्स के समान है।
ग्रासिम की रियायती पेशकश के साथ, जेफरीज को भारतीय पेंट्स सेक्टर में लड़ाई तेज होती दिख रही है। इससे एशियन पेंट्स के लिए डाउनसाइड रिस्क भी पैदा हो गया है। जेफरीज का अनुमान है कि कॉम्पिटीशन बढ़ने से एशियन पेंट्स की प्रति स्टॉक आय (earnings-per-stock) अगले दो वर्षों में स्थिर रहेगी।
एशियन पेंट्स और ग्रासिम के लिए जेफरीज का टारगेट प्राइस
जेफरीज ने Asian Paints के शेयर के लिए 2,500 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'अंडरपरफॉर्म' कॉल दी है। यह शेयर के 22 मार्च को बीएसई पर बंद भाव से 12 प्रतिशत से भी ज्यादा लो है। दूसरी ओर ब्रोकरेज ने ग्रासिम शेयर के लिए 2,600 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' कॉल दी है, जो स्टॉक में 22 मार्च को बीएसई पर बंद भाव से लगभग 17 प्रतिशत ज्यादा है। जेफरीज का मानना है कि ग्रासिम ने सभी मोर्चों पर पूरी तैयारी के साथ पेंट्स सेगमेंट में प्रवेश किया है। बिड़ला ओपस की प्रोडक्ट रेंज प्राइस पॉइंट्स पर फैली हुई है और इसके पास 1,200 SKU (स्टॉक कीपिंग यूनिट), 145 प्रोडक्ट्स और 2,300 से अधिक शेड्स का पोर्टफोलियो है।
ग्रासिम का लक्ष्य जुलाई 2024 तक पूरे भारत में डिस्ट्रीब्यूशन स्थापित करना और मार्च 2025 तक 50,000 डीलरों को अपने साथ जोड़कर पेंट क्षेत्र में दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क विकसित करना है। इसके अलावा, कंपनी प्रमोशनल अवधि के दौरान 10 प्रतिशत अतिरिक्त उत्पाद छूट भी दे रही है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।