Birdy's IPO Listing: बर्डीज ब्रांड की पैरेंट कंपनी ग्रिल स्प्लेंडर सर्विसेज (Grill Splendour Services) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर फीकी एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 8 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 120 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 121.30 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को महज 1 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Birdy's Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 124 रुपये पर पहुंच गया लेकिन फिर मुनाफावसूली के चलते यह टूटकर 120 रुपये पर आ गया। हालांकि फिर उछलकर यह 127.35 रुपये (Birdy's Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया। इसी अपर सर्किट पर यह बंद भी हुआ है यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक 6.12 फीसदी मुनाफे में हैं।
Birdy's IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
बर्डीज का ₹16.47 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15-18 अप्रैल तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 8.68 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 12.78 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 13,72,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
ग्रिल स्प्लेंडर सर्विसेज नवंबर 2019 में बनी थी। यह बर्डीज (Birdy's) ब्रांड नाम से बेकरी और पेस्ट्री की चेन है। ग्रिल स्प्लेंडर सर्विसेज के प्रोडक्ट्स को दो कैटेगरी में बांटा जा सकता है- केक-पेस्ट्रीज और फूड प्रोडक्ट्स की बिक्री। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 3.63 लाख रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। अगले वित्त वर्ष 2022 में फिर इसे 3.46 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 1.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 36 फीसदी से अधिक चक्रवृद्धि दर (CAGR) से उछलकर वित्त वर्ष 15.32 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो अप्रैल-नवंबर 2023 में इसे 61.65 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 22.11 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।