Happiest Minds Shares: एआई-फर्स्ट, कस्टमर-सेंट्रिक डिजिटल इंजीनियरिंग और माइंडफुल आईटी कंपनी हैप्पिएस्ट माइंड्स के शेयरों ने महज दो ही दिन में निवेशकों की पूंजी 33% से अधिक बढ़ा दी है। इसमें से 13% से अधिक तेजी तो सिर्फ आज ही आई। इसके शेयरों में यह तेजी इस कारण आई क्योंकि एआई को लेकर अपनी ग्रोथ को देखते हुए अपने रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान को बढ़ाया है। कंपनी ने एक कारोबारी दिन पहले इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी थी। रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद में उछाल पर शेयर रॉकेट बन गए। आज की बात करें तो इंट्रा-डे में यह बीएसई पर 13.41% चढ़कर ₹454.60 तक पहुंच गया था। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते आज यह 2.63% की बढ़त के साथ ₹411.40 पर बंद हुआ है।
Happiest Minds को कितने ग्रोथ की है उम्मीद?
हैप्पिएस्ट माइंड्स ने मंगलवार 10 मार्च को एक्सचेंज फाइलिंग में रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीदों में बदलाव की जानकारी दी। एआई-फर्स्ट कैटेगरी से मजबूती के संकेतों पर कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान को 10% से बढ़ाकर 12.5% कर दिया। बेंगलुरु की इस डिजिटल इंजीनियरिंग कंपनी ने यह अनुमान ऐसे समय में बढ़ाया है, जब करीब एक महीने पहले 10 फरवरी 2026 को इसने एआई फर्स्ट पहल शुरू की थी।
बता दें कि पिछले साल 26 मार्च, 2025 को कंपनी ने 10 रणनीतिक पहल का ऐलान किया था जिसने कुल मिलाकर चार साल में कॉन्स्टैंट करेंसी में 10% के रेवेन्यू ग्रोथ की नींव रखी। इसमें से एक पहल जेनेरेटिव एआई बिजनेस सर्विस को तैयार करना था। इसके बाद पिछले महीने 10 फरवरी को कंपनी ने एआई फर्स्ट यानी 11वीं रणनीतिक पहल लॉन्च की। मजबूत रफ्तार को देखते हुए कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान को 10% से बढ़ाकर 12.5% कर दिया और उम्मीद की है कि यह वित्त वर्ष 2028 में 15% के ग्रोथ के लिए मजबूत नींव तैयार करेगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
हैप्पिएस्ट माइंड्स ने निवेशकों को एक साल में काफी दुख दिए हैं। पिछले साल 11 मार्च 2025 को यह ₹699.95 पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से एक साल में यह 56.38% टूटकर इस महीने की शुरुआत में 2 मार्च 2026 को यह ₹305.30 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस प्रकार एक साल में इसने निवेशकों के पोर्टफोलियो का वजन 56% से अधिक घटाया है। कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो लेटेस्ट उपलब्ध आंकड़ों के हिसाब से इसमें 44.21% होल्डिंग प्रमोटर्स की है तो 54.45% होल्डिंग पब्लिक की है और 1.34% होल्डिंग एंप्लॉयी ट्रस्ट की।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।