HDFC Bank Share Price: Q1 नतीजों के बाद शेयर 5% गिरा; अब बाय, सेल या होल्ड, क्या हो स्ट्रैटेजी?

HDFC Bank Share Price: जून 2026 तिमाही में HDFC Bank की शुद्ध ब्याज आय एक साल पहले के मुकाबले 6.7 प्रतिशत बढ़कर 33,535.95 करोड़ रुपये हो गई। शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.26 प्रतिशत दर्ज किया गया। HDFC बैंक के स्टॉक पर नजर रखने वाले 47 में से 46 एनालिस्ट्स ने 'बाय' रेटिंग दी हुई है

अपडेटेड Jul 20, 2026 पर 4:49 PM
HDFC Bank का तिमाही के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 19059.72 करोड़ रुपये रहा।

प्राइवेट सेक्टर के HDFC Bank के शेयरों में 20 जुलाई को दिन में 5.4 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 775 रुपये के लो तक गया। बाद में 777.65 रुपये पर सेटल हुआ। अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद शेयर में बिकवाली का दबाव है। तिमाही के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर बैंक का शुद्ध मुनाफा 19059.72 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 18155.21 करोड़ रुपये से 5 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं दूसरी ओर कुल इनकम 7 प्रतिशत घटकर 92184.38 करोड़ रुपये रही। जून 2025 तिमाही में यह 99200 करोड़ रुपये थी।

जून 2026 तिमाही में HDFC Bank की शुद्ध ब्याज आय (NII) एक साल पहले के मुकाबले 6.7 प्रतिशत बढ़कर 33,535.95 करोड़ रुपये हो गई। शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.26 प्रतिशत दर्ज किया गया। जून 2026 तिमाही में HDFC Bank का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो सालाना आधार पर कम होकर 1.17 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.4 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी मामूली तौर पर घटकर 0.41 प्रतिशत हो गया। जून 2025 तिमाही में यह 0.47 प्रतिशत था। NPA में गिरावट बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार दर्शाती है।

HDFC Bank पर अब ब्रोकरेज की क्या राय?


जेफरीज ने HDFC Bank के शेयर के लिए 1,050 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। बर्नस्टीन ने 1,150 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है। इसके पीछे ब्रोकरेज ने मार्जिन पर लगातार दबाव के बावजूद मजबूत बैलेंस शीट ग्रोथ, ऑपरेटिंग क्षमता और स्थिर एसेट क्वालिटी का हवाला दिया। नोमुरा ने भी 950 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग दोहराई है। ब्रोकरेज ने तिमाही नतीजों को उम्मीद के मुताबिक बताया है।

वहीं इनवेस्टेक ने शेयर की रेटिंग 'बाय' से घटाकर 'होल्ड' कर दी है। लेकिन टारगेट प्राइस 915 रुपये से बढ़ाकर 920 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने बैंक के जून तिमाही नतीजों को कमजोर बताया है। HDFC बैंक के स्टॉक पर नजर रखने वाले 47 में से 46 एनालिस्ट्स ने 'बाय' रेटिंग दी हुई है।

Market Insight : कच्चे तेल से जुड़े शेयरों से थोड़ा दूर रहें, अच्छे शेयरों में जो SIP चल रही है उन्हें ना रोकें

HDFC Bank शेयर एक साल में 20 प्रतिशत कमजोर

HDFC Bank का मार्केट कैप घटकर करीब 12 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर एक साल में 20 प्रतिशत नीचे आया है। वहीं 6 महीनों में 16 प्रतिशत कमजोर हुआ है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,020.35 रुपये और एडजस्टेड लो 726.75 रुपये है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।