Hero Motocorp के शेयरों में एक साल की सबसे बड़ी गिरावट, चेयरमैन पवन मुंजाल के घर क्यों पहुंची ED की टीम

Hero Motocorp Shares: हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में मंगलवार को पिछले एक साल की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर 3.14 फीसदी गिरकर 3,103 रुपये के भाव पर बंद हुआ। दिन के समय तो यह 5 फीसदी तक टूट गया था। यह गिरावट हीरो मोटोकॉर्प के कई परिसरों पर ED की छापेमारी के बाद आई है

अपडेटेड Aug 01, 2023 पर 8:00 PM
Story continues below Advertisement
Hero Motocorp ने पुष्टि किया कि उसके चेयरमैन पवन मुंजाल के घर पर ED की टीम पहुंची थी

Hero Motocorp Shares: हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में मंगलवार को पिछले एक साल की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर 3.14 फीसदी गिरकर 3,103 रुपये के भाव पर बंद हुआ। दिन के समय तो यह 5 फीसदी तक टूट गया था। खबर है कि हीरो मोटोकॉर्प के कई परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की छापेमारी चल रही है। इसमें कंपनी के चेयरमैन पवन मुंजाल (Pawan Munjal) का घर भी शामिल है। मामला अघोषित विदेशी करेंसी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

इस पूरे मामले की शुरुआत दिल्ली एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति की गिरफ्तारी से हुई थी। वित्त मंत्रालय के अंदर आने वाले विभाग, डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस ने दिल्ली एयरपोर्ट से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके पास से अघोषित मात्रा में विदेशी करेंसी बरामद की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, जांच में इस व्यक्ति को हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल का करीबी पाया गया।

मामले की आगे जांच के लिए ईडी के पास शिकायत दर्ज कराई गई। इसी के बाद ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनीलॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज करके मंगलवार को हीरो मोटोकॉर्प से जुड़े कई प्रेमिसस पर छापे मारे। इसमें पवन मुंजाल का घर भी शामिल है।


यह भी पढ़ें- Power Grid Corporation के शेयरों में 5% से अधिक की गिरावट, जून तिमाही के नतीजों से निराश निवेशकों ने की बिकवाली

हीरो मोटोकॉर्प का इस मामले में आधिकारिक बयान आ चुका है। कंपनी ने स्वीकार किया है कि मंगलवार 1 अगस्त को उसके चेयरमैन पवन मुंजाल के आधिकारिक आवास पर ईडी की टीम पहुंची थी। कंपनी ने यह भी बताया कि उसके दिल्ली और गुरुग्राम के ऑफिसों में ईडी की टीम ने तलाशी ली। कंपनी ने कहा कि वह एजेंसी को जांच में पूरा सहयोग करेगी।

हालांकि अभी ईडी का इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं आया है। ईडी का बयान आने के बाद ही पता चल पाएगा इस पूरे मामले में विदेशी राशि कितनी है या वह कितने रुपये के घोटाले की जांच कर रही है। ईडी के बयान में अगर कुछ हैरान वाले तथ्य आते हैं, तो इससे हीरो मोटोकॉर्प के शेयर दबाव में आ सकते हैं।

ईडी से पहले इनकम टैक्स ने भी इस मार्च में कर चोरी के आरोप में Hero MotoCorp के कई प्रेमिसस पर छापे मारे थे। इनकम टैक्स की टीम भी पवन मुंजाल के घर पर गई थी। कंपनी पर उस समय बिना किसी जानकारी के करीब 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के खर्च को लेकर सवाल उठे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।