केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने आज दोपहिया गाड़ियां बनाने वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के सीएमडी और चेयरमैन पवन कांत मुंजाल को तगड़ा झटका दिया है। इसका असर हीरो के शेयरों पर भी दिख रहा है। ईडी ने पवन की करीब 24.95 करोड़ रुपये की तीन अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया है। इसके अलावा जब्ती भी हुई हैं। ईडी की इस कार्रवाई के चलते स्टॉक मार्केट में हीरो के शेयर भी कांप रहे हैं और इंट्रा-डे में बीएसई पर 2 फीसदी से अधिक टूट गया। बीएसई पर आज यह 2.03 फीसदी की गिरावट के साथ 3109.35 रुपये के भाव (Hero Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 2.47 फीसदी टूटकर 3095.30 रुपये तक लुढ़क गया था।
ED ने किस मामले में की है कार्रवाई
केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने आज हीरो के चेयरमैन पवन कांत की दिल्ली में स्थित तीन अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया है। इनकी वैल्यू करीब 24.95 करोड़ रुपये है। इसके अलावा कुछ संपत्तियों को जब्त किया है और कुर्की के साथ मिलाकर करीब 50 करोड़ रुपये का झटका हीरो के चैयरमैन को लगा है। ED ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। ट्वीट के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी एक जांच में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002 के प्रावधानों के तहत हुई है।
पिछले महीने एक साल के हाई पर थे Hero के शेयर
हीरो के शेयरों को ईडी की कार्रवाई से आज तगड़ा झटका लगा है। पिछले महीने 19 अक्टूबर 2023 को यह एक साल के हाई 3275 रुपये पर था। इससे पहले 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 2,246.75 रुपये पर था यानी कि सात महीने में यह करीब 46 फीसदी उछलकर एक साल के हाई पर पहुंचा था। इस हाई से फिलहाल यह 4 फीसदी से भी अधिक नीचे आ चुका है।