वेदांता ग्रुप (Vedanta Group) की कंपनी हिंदुस्तान जिंक (Hindustan Zinc) ने इस वित्त वर्ष 2022-23 में चौथी बार अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। हिंदुस्तान जिंक ने 21 मार्च को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर 26 रुपये के डिविडेंड को मंजूरी दे दी है। यह 10985.83 करोड़ रुपये का अंतरिम डिविडेंड शेयरहोल्डर्स को देगी और इसके लिए रिकॉर्ड डेट 29 मार्च फिक्स किया गया है। इस ऐलान का शेयरों पर आज पॉजिटिव असर दिख रहा है। इंट्रा-डे में यह करीब 5 फीसदी उछलकर 325.25 रुपये (Hindustan Zinc Share Price) पर पहुंच गया। हालांकि ब्रोकरेज फर्म सिटी (Citi) ने इसी डिविडेंड के चलते हिंदुस्तान जिंक को सेल रेटिंग दी है।
