मेटल कंपनियों के शेयरों के लिए 5 फरवरी की तारीख अच्छी नहीं रही। बिकवाली दबाव से इन शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। इससे निफ्टी मेटल इंडेक्स एक समय करीब 3 फीसदी तक गिर गया। हालांकि, बाद में यह थोड़ा हद तक संभलने में कामयाब रहा। इससे पहले लगातार तीन सत्रों में मेटल स्टॉक्स में तेजी देखने को मिली थी।
हिंदुस्तान जिंक, वेदांता और नाल्को पर ज्यादा दबाव
Hindustan Zinc का शेयर 5 फरवरी को करीब 7 फीसदी गिरकर 593.25 रुपये पर आ गया। 11:15 बजे यह शेयर 6.09 फीसदी गिरकर 604 पर चल लहा था। Vedanta का शेयर भी करीब 6 फीसदी गिर गया था। 11:15 बजे यह 5.82 फीसदी गिरकर 648 रुपये पर चल रहा था। NALCO के शेयरों पर भी बड़ा दबाव देखने को मिला। 11:15 बजे यह 3.87 फीसदी गिरकर 360.40 रुपये पर चल रहा था।
Hindustan Copper, Hindalco में भी गिरावट
Hindustan Copper, Hindalco, NMDC और Lyods Metals and Energy के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला। SAIL, Tata Steel, JSW Steel और Adani Enterprises के शेयरों में भी कमजोरी दिखी। हालांकि, Welspun Corp में ट्रेंड के उलट हल्की तेजी देखने को मिली।
मेटल शेयरों में लगातार तीन दिन की तेजी के बाद मुनाफावसूली
एक्सपर्ट्स का कहना है कि मेटल शेयरों में बिकवाली की वजह मुनाफावसूली लगती है। पिछले तीन सत्रों में Nifty Metal Index 6 फीसदी से ज्यादा चढ़ा था। 4 फरवरी को यह 12,044 प्वाइंट्स पर बंद हुआ था। आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट से बाजार का सेंटिमेंट कमजोर है। ऐसे में मेटल शेयरों के इनवेस्टर्स को मुनाफावसूली में फायदा दिखा होगा।
डॉलर में मजबूती ने भी मेटल शेयरों पर बढ़ाया दबाव
मेटल शेयरों पर डॉलर में मजबूती का भी असर पड़ा होगा। पिछले कुछ दिनों में दुनिया की प्रमुख करेंसी के मुकाबले डॉलर में मजबूती दिखी है। डॉलर में मजबूती का असर मेटल की कीमतों पर दिखता है। इसकी वजह यह है कि डॉलर के मजबूत होने पर मेटल खरीदना महंगा हो जाता है। इसका असर मेटल की डिमांड पर पड़ता है, जिससे कीमतों में भी कमजोरी दिखती है।
सोने और चांदी की कीमतों पर भी बढ़ा दबाव
5 फरवरी को बुलियन की कीमतों में गिरावट दिखी। एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल एक्सपायरी) 3 फीसदी गिरकर 1,48,455 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था। जून कॉन्ट्रैक्ट्स में भी करीब 3 फीसदी की गिरावट दिखी। उधर, सिल्वर फ्यूचर्स करीब 6 फीसदी टूटकर 2,52,719 रुपये प्रति किलोग्राम पर चल रहा था। हिंदुस्तान जिंक सहित कुछ कंपनियां सिल्वर का उत्पादन करती है। इसलिए सिल्वर में गिरावट का असर इन कंपनियों के शेयरों पर दिखा।
स्टॉक मार्केट्स में सेंटीमेंट कमजोर
5 फरवरी को स्टॉक मार्केट में कमजोरी दिखी। बाजार में कारोबार की शुरुआत हल्की कमजोरी के साथ हुई। फिर दबाव बढ़ गया। 11:28 बजे सेंसेक्स 392 अंक गिरकर 83425 पर चल रहा था, जबकि निफ्टी50 127 अंक के दबाव के साथ 25,648 पर था। निफ्टी बैंक और निफ्टी आईटी सूचकांकों पर भी दबाव देखने को मिला।