Honasa Consumer Q4 Results: मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी का मुनाफा 178% उछला, पहली बार डिविडेंड का ऐलान

Honasa Consumer Q4 Results: मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी Honasa Consumer ने मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा 178% उछला और आय में भी मजबूत बढ़ोतरी दर्ज हुई। साथ ही कंपनी ने अपने इतिहास का पहला डिविडेंड घोषित कर निवेशकों को बड़ी सौगात दी है। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड May 21, 2026 पर 6:14 PM
Story continues below Advertisement
Honasa Consumer के बोर्ड ने अपने इतिहास का पहला अंतिम डिविडेंड घोषित किया है।

Honasa Consumer Q4 Results: मामाअर्थ (Mamaearth) की पैरेंट कंपनी Honasa Consumer ने मार्च तिमाही (Q4 FY26) में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। बेहतर बिक्री और कारोबार में सुधार की बदौलत कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 178% बढ़ गया। कंपनी ने निवेशकों के लिए पहली बार डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

मार्च तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 69.4 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 24.9 करोड़ रुपये था। वहीं दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में कंपनी का मुनाफा 50.2 करोड़ रुपये रहा था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 176% बढ़कर 200.2 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले यह 72.7 करोड़ रुपये था।

रेवेन्यू में भी दमदार उछाल


मार्च तिमाही में Honasa Consumer की ऑपरेशंस से आय (Revenue from Operations) 23% से ज्यादा बढ़कर 657.1 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह 533.6 करोड़ रुपये थी। वहीं पिछली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 601.54 करोड़ रुपये रहा था।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की कुल आय 15.7% बढ़कर 2,391.9 करोड़ रुपये पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष में यह 2,066.9 करोड़ रुपये थी।

किन बातों पर रहा Honasa का फोकस?

Honasa Consumer के चेयरमैन, सीईओ और को-फाउंडर वरुण आलघ ने कहा कि पिछले कुछ तिमाहियों में कंपनी ने अपनी रणनीति के छह प्रमुख क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया।

इनमें प्रमुख उत्पाद श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन, उत्पादों की गुणवत्ता मजबूत करना, लोकप्रिय उत्पादों का विस्तार, कंटेंट और मार्केटिंग को बेहतर बनाना, ऑफलाइन डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करना और नए इनोवेशन पर फोकस करना शामिल रहा।

उनके मुताबिक बेहतर रणनीति, मजबूत एग्जीक्यूशन और प्रमुख पदों पर अनुभवी नेतृत्व की नियुक्तियों का असर अब कंपनी के प्रदर्शन में साफ दिखाई देने लगा है।

नए ब्रांड्स की ग्रोथ भी रही मजबूत

Honasa Consumer ने बताया कि उसके अपेक्षाकृत नए और छोटे ब्रांड्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में 40% से ज्यादा सालाना ग्रोथ दर्ज की। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चैनलों में इन ब्रांड्स की मांग मजबूत बनी रही।

कंपनी का कहना है कि नए ब्रांड्स का अच्छा प्रदर्शन, मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और वितरण नेटवर्क में सुधार भविष्य की ग्रोथ को भी सहारा दे सकता है।

पहली बार मिलेगा डिविडेंड

Honasa Consumer के बोर्ड ने अपने इतिहास का पहला अंतिम डिविडेंड घोषित किया है। बोर्ड ने 3 रुपये प्रति इक्विटी शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है।

यह वित्त वर्ष 2025-26 के स्टैंडअलोन टैक्स के बाद मुनाफे (PAT) का करीब 51.2% हिस्सा है। हालांकि डिविडेंड के भुगतान के लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी। मंजूरी मिलने के बाद इसका भुगतान कंपनी की वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद किया जाएगा।

Honasa Consumer का शेयर गुरुवार को 1.39 चढ़कर 361.70 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में इसने करीब 33 पर्सेंट का रिटर्न दिया है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।