मामाअर्थ और डर्मा कंपनी ब्रांड की पेरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स के लिए 6 अक्टूबर का दिन बेहद अच्छा जा रहा है। शेयर शुरुआती कारोबार में ही पिछले बंद भाव से 11.5 प्रतिशत तक चढ़ा। BSE पर कीमत 492.90 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 15900 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में बिजनेस कैसा रह सकता है, इस पर अपडेट जारी किया है।
होनासा कंज्यूमर ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसे सितंबर 2026 तिमाही (Q2) में भी परफॉरमेंस काफी अच्छी रहने की उम्मीद है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में बनी ग्रोथ की रफ्तार Q2 में भी जारी रह सकती है। कंपनी की नेट सेल्स वैल्यू (NSV) की ग्रोथ अर्ली थर्टीज में रह सकती है। मतलब कह सकते हैं कि सालाना आधार पर करीब 30-33 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है। NSV का मतलब है रिटर्न, टैक्स, डिस्काउंट और कैंसिलेशन को घटाने के बाद कंपनी की वास्तविक बिक्री की वैल्यू।
मामाअर्थ ब्रांड की ग्रोथ भी मजबूत रहने की उम्मीद है। Q2 में इसकी NSV में सालाना आधार पर करीब 17-19 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। लोकप्रियता बढ़ने और ऑफलाइन स्टोर्स में पहुंच बढ़ने से Mamaearth को फायदा मिलेगा। होनासा कंज्यूमर के नए और छोटे ब्रांड जैसे द डर्मा कंपनी, एक्वालॉजिका, बीब्लंट, डॉ. शेठ्स, स्टेज, ल्यूमिनेव और Reginald Men भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इन ब्रांड्स की NSV ग्रोथ सितंबर तिमाही में करीब 40-45 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है।
ऑफलाइन बिक्री का रहेगा बड़ा योगदान
कंपनी की ग्रोथ में ऑफलाइन बिक्री का हाथ सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है। सामान्य दुकानों और बड़े रिटेल आउटलेट्स, दोनों में मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है। सामान्य दुकानों में सीधे डिस्ट्रीब्यूशन बढ़ाने और दुकानों पर प्रोडक्ट की बेहतर बिक्री से कंपनी को फायदा मिल सकता है। ऑनलाइन बिक्री में भी ग्रोथ की रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है।
होनासा कंज्यूमर EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) मार्जिन में सुधार पर लगातार काम कर रही है। Q2 में भी कंपनी को ऑपरेटिंग मार्जिन 10 प्रतिशत से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है।
जून तिमाही में कैसी रही थी परफॉरमेंस
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में होनासा कंज्यूमर लिमिटेड का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 118 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 90.25 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 755.94 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। EBITDA सालाना आधार पर 140.7 प्रतिशत बढ़कर 110 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 14.6 प्रतिशत हो गया।
Honasa Consumer का शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत मजबूत
कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। होनासा कंज्यूमर में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 35.47 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत मजबूत हुआ है। साल 2026 में अब तक यह 70 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देख चुका है। होनासा कंज्यूमर नवंबर 2023 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1701.44 करोड़ रुपये का था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।