लगातार पांच दिनों तक तेजी के बाद आज अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयरों पर ब्रेक लगा और इसमें नीचे की तरफ का मूव देखने को मिला। शुरुआत में बाजार ने कंपनी के शेयरों में तेजी का दर्शन कराया लेकिन फिर बीएसई पर शेयर में 8 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट नजर आई। अडानी ग्रीन एनर्जी सहित इस सेक्टर में भी गिरावट देखने को मिली।
वित्तीय वर्ष 2023 की पहली तिमाही में कंपनी की अच्छी ग्रोथ दिखने के बावजूद यह गिरावट आई है। एक रेग्युलेटरी फाइलिंग में अडानी ग्रीन एनर्जी ने कहा है कि कंपनी की बिक्री वित्त वर्ष 23 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 73 प्रतिशत बढ़ी है। जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने 2,05.4 करोड़ यूनिट की बिक्री की थी।
CNBC TV-18 के मुताबिक अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर में गिरावट पर टिप्पणी करते हुए आईडीबीआई कैपिटल (IDBI Capital) के ए.के. प्रभाकर ने कहा "अडानी ग्रीन एनर्जी एक सस्ता स्टॉक नहीं है। असल में यह सबसे महंगे शेयरों में से एक है। इस तरह के महंगे वैल्यूएशन वाले स्टॉक का समय-समय पर करेक्ट होना सामान्य बात है। ये स्टॉक हमेशा तेजी ही दिखाता नहीं रहेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि हरित ऊर्जा क्षेत्र (green energy space) में अपने समकक्ष प्रतिस्पर्धियों की तुलना में इसका वैल्यूएशन महंगा होने के कारण समय-समय इस स्टॉक में करेक्शन होना संभव है।
अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में इस महीने के पहले हफ्ते से ही तेजी देखी जा रही थी। पिछले पांच दिनों में अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर का भाव 1918 रुपये से बढ़कर 2,187 रुपये हो गया है। इसका मतलब 5 दिनों में इसमें लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि नजर आई है।
इस साल अब तक शेयर के भाव में 61 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है।
आज यानी 14 जुलाई 2022 को दोपहर 2.40 बजे बीएसई पर ये शेयर 3.93 प्रतिशत या 82.65 अंक नीचे 2023 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 3048 रुपये और 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 860.20 रुपये रहा है। आज इंट्राडे में कंपनी के शेयर ने अब तक 1931 का लो और 2188 का हाई स्तर छुआ है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )