आज यानी 1 सितंबर के शुरुआती कारोबार में Ashok Leyland के शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। कंपनी ने बताया है कि उसको संयुक्त अरब अमीरात (UAE )से 1400 स्कूल बसों की सप्लाई के लिए एक बड़ा ऑर्डर मिला है। यह किसी खाड़ी देश में स्कूल बस की सप्लाई के लिए कंपनी को मिला अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है। इस खबर के चलते Ashok Leyland के शेयरों में पंख लग गए।
फिलहाल 11.45 बजे के आसपास Ashok Leyland का शेयर एनएसई पर 6.00 रुपये यानी 3.90 फीसदी की बढ़त के साथ 160.00 रुपये पर कारोबार करता नजर आ रहा था। जबकि इसी दौरान सेंसेक्स 517.92 अंक टूटकर 59,019.15 के स्तर पर नजर आ रहा था।
UAE के साथ हुई इस डील का कुल मुल्य 7.51 करोड़ डॉलर है। हिंदुजा ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी Ashok Leyland ने आगे बताया है कि इस करार के तहत 55 सीटों वाली फॉलकॉन बस और 32 सीटो वाली Oyster बस की सप्लाई की जाएगी। इन बसों को UAE स्थित Ras Al Khaimah(रास-अल-खैमाह) प्लांट में बनाया जाएगा। Ras Al Khaimah प्लांट अशोक लैलेंड और Ras Al Khaimah Investment Authority (RAKIA) के बीच बना एक ज्वाइंट वेंचर है। इसकी उत्पादन क्षमता हर साल 4000 बस बनाने की है।
एनालिस्ट अशोक लेलैंड के स्टॉक को लेकर पॉजिटिव हैं। तमाम एनालिस्ट का मानना है कि इस स्टॉक में वर्तमान स्तर से 30 फीसदी की तेजी देखने को मिल सकती है। BP Wealth का मानना है कि इस स्टॉक में खरीदारी करनी चाहिए और इसके लिए इसमें 205 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि अशोक लैलेंड मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के साथ मार्केट लीडर है। कंपनी को सीएनजी, एलएनजी बसों के लॉन्च से फायदा होगा।
इसी तरह KR Choksey ने भी इस स्टॉक में 168 रुपये का लक्ष्य दिया है। KR Choksey का कहना है कि कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने के साथ ग्रोथ के रास्ते पर है। अशोक लैलेंड के मार्केट शेयर में उसके प्रोडक्ट्स के भाव में बढ़ोतरी के बावजूद तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी नए प्रोडक्ट लॉन्च करने भी फोकस बनाए हुए है। कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के साथ अशोक लैलेंड के मुनाफे में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।