Data Patterns का IPO कल खुलेगा, सब्सक्राइब करने से पहले जान लें ये 10 बातें

डिफेंस प्रोजेक्ट लंबे खिंचने के कारण कॉस्ट बढ़ना, डिलिवरी में देरी या कॉन्ट्रैक्ट की स्पेसिफिकेशंस पूरी नहीं करने पर हर्जाना देना कंपनी के काम से जुड़े रिस्क हैं

अपडेटेड Dec 13, 2021 पर 11:15 AM
डाटा पैटर्न्स के आईपीओ के लिए 555-585 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।

 

Data Patterns IPO : वर्ष 1985 में स्थापित डाटा पैटर्न्स (इंडिया) लिमिटेड ने देश में विकसित डिफेंस प्रोडक्ट इंडस्ट्री के लिए एक अग्रणी सॉल्यूशन प्रोवाइडर के रूप में खड़ा किया है। यह उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल है, जो डिफेंस और एयरोस्पेस इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित सॉल्यूशन उपलब्ध करा रही है। कंपनी का आईपीओ कल यानी 14 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च होने जा रहा है। हम यहां आईपीओ के बारे में ऐसी 10 बातें बता रहे हैं, जो सब्सक्राइब करने से पहले आपके लिए जानना जरूरी हैः

 

  1. आईपीओ की तारीख


एंकर इनवेस्टर्स के लिए 13 दिसंबर को आईपीओ खुलेगा। पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए यह ऑफर 14 दिसंबर को खुलेगा और 16 दिसंबर को बंद हो जाएगा।

  1. प्राइस बैंड

2 रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर के लिए 555-585 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।

  1. ऑफर डिटेल

पब्लिक इश्यू में 240 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर और प्रमोटर्स व शेयरहोल्डर्स द्वारा 59.52 लाख इक्विटी शेयरों के लिए लाया जा रहा ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल है।

ओएफएस के तहत कंपनी के शेयरहोल्डरों में शामिल, श्रीनिवासगोपालन रंगराजन (फाउंडर प्रमोटर) की तरफ से 19.67 लाख शेयर, रेखा मूर्ति रंगराजन की तरफ से 19.67 लाख शेयर, सुधीर नाथन की तरफ से 75,000 शेयर, जीके वसुंधरा की तरफ से 4.15 लाख शेयर और अन्य शेयरहोल्डरों की तरफ 15.28 लाख शेयरों को बिक्री के लिए पेश किया जाएगा।

कंपनी को ऊपरी प्राइस बैंड पर 588.22 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स, 15 फीसदी नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स और 35 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।

प्रमोटर्स के पास वर्तमान में कंपनी की 57.08 फीसदी हिस्सेदारी है। इश्यू के बाद यह घटकर 44.99 फीसदी रह जाएगी।

Tega Industries IPO: शेयर बाजार में हुई दमदार लिस्टिंग, NSE पर 67.77% प्रीमियम के साथ 760 रुपए पर लिस्ट हुए शेयर

  1. इश्यू का उद्देश्य

कंपनी इश्यू से मिली रकम में 60.8 करोड़ रुपये को कंपनी की बकाया उधारी का प्रीपेमेंट/ रिपेमेंट में इस्तेमाल करेगी। 95.2 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों की फंडिंग और 59.8 करोड़ रुपये चेन्नई स्थिति मौजूदा फैसिलिटीज को अपग्रेड व एक्सपैंशन और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों में इस्तेमाल किए जाएंगे।

  1. लॉट साइज और इन्वेस्टर का रिजर्व पोर्शन

इनवेस्टर्स न्यूनतम 25 इक्विटी शेयरों और उसके 25 शेयरों के मल्टीपल के लिए बिड लगा सकते हैं। रिटेल इनवेस्टर्स एक लॉट के लिए न्यूनतम 14,625 रुपये निवेश कर सकते हैं और उनका अधिकतम इनवेस्टमेंट 13 लॉट के लिए 1,90,125 रुपये होगा।

RBI के पॉलिसी चेंज से 5-15% तक टूट सकता है निफ्टी, रिटेल इनफ्लो पर भी असर संभव : दिव्यम शर्मा

  1. कंपनी प्रोफाइल और इंडस्ट्री

डाटा पैटर्न्स भारत में डिफेंस और एयरोस्पेस इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में तेजी से उभरती हुई कंपनियों में से एक है और इंटिग्रेटेड डिफेंस और एयरोस्पेस सॉल्युशन प्रोवाइडर है, जो अंतरिक्ष, वायु, भूमि और समुद्र सभी से जुड़ी जरूरतें पूरी करती है। डाटा पैटर्न्स हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लि. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. के साथ ही डीआरडीओ जैसे डिफेंस और स्पेस रिसर्च से जुड़े सरकारी संगठनों के साथ काम करती है।

  1. फाइनेंशियल्स

वित्त वर्ष 19 और 21 के बीच कंपनी ने अपने रेवेन्यू में 71 फीसदी की रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की, जो भारत की डिफेंस और एयरोस्पेस कंपनियों में सबसे ज्यादा थी।

कंपनी ने वित्त वर्ष 19 में 131 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो वित्त वर्ष 20 में 19.1 फीसदी बढ़कर 156 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 21 में रेवेन्यू 43.5 फीसदी बढ़कर 224 करोड़ रुपये हो गया। वहीं वित्त वर्ष 19, वित्त वर्ष 20 और वित्त वर्ष 21 में क्रमशः 7.7 करोड़ रुपये, 21.05 करोड़ रुपये और 55.6 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ। वहीं सितंबर, 21 में समाप्त छमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 23.2 करोड़ रुपये रहा।

  1. मुख्य रिस्क

डिफेंस प्रोजेक्ट लंबे खिंचने के कारण कॉस्ट बढ़ना, डिलिवरी में देरी या कॉन्ट्रैक्ट की स्पेसिफिकेशंस पूरी नहीं करने पर हर्जाना देना इसके काम से जुड़े रिस्क हैं। इससे उसका बिजनेस, वित्तीय स्थिति और रिजल्ट पर असर पड़ सकता है। वित्त वर्ष 22 की पहली छमाही और वित्त वर्ष 21 में उसकी खरीद में इम्पोर्ट की हिस्सेदारी लगभग 74.5 फीसदी और 63.7 फीसदी रही। इससे उसका फॉरेक्स रिस्क ज्यादा है और खरीद की लागत ऊंची है।

  1. प्रमोटर्स और मैनेजमेंट

श्रीनिवासगोपालन रंगराजन कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जो स्थापना के साथ ही जुड़े हुए हैं।

रेखा मूर्ति नटराजन इसकी व्होलटाइम डायरेक्टर हैं और वह भी स्थापना से ही जुड़ी हुई हैं।

मैथ्यू सीरियाक नॉमिनी डायरेक्टर हैं, जबकि सबिता राव, वाडलामणि वेंकट रामा शास्त्री, सौम्यन रामाकृष्णन और प्रसाद राघव मेनन कंपनी के नॉन एग्जीक्यूटिव, इंडिपेंडेंट डायरेक्टर हैं।

  1. जीएमपी, लिस्टिंग और अलॉटमेंट डेट

आईपीओ वाच के मुताबिक, डाटा पैटर्न का शेयर ग्रे मार्केट (grey market) में 500 रुपये के मजबूत प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहा है। शेयरों के अलॉटमेंट को 21 दिसंबर को अंतिम रूप दिया जाएगा और असफल रहे इनेस्टर्स को 22 दिसंबर को रिफंड मिल जाएगा। सफल इनवेस्टर्स के डीमैट में 23 दिसंबर को शेयर पहुंच जाएंगे।

कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंजेस में 24 दिसंबर, 2021 को लिस्ट हो जाएंगे।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।