18 फरवरी को खत्म हुए हफ्ते में लगातार 2 हफ्ते बाजार गिरावट पर बंद हुआ। यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उबाल, ग्लोबल महंगाई से जुड़ी चिंता और यूएस फेड द्वारा उम्मीद से पहले ब्याज दरों में बढ़ोतरी जैसी निगेटिव खबरों ने बाजार पर दबाव बनाए रखा । जिसके चलते बाजार में पूरे हफ्ते भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
गए हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 319.95 अंक यानी 0.55 फीसदी की गिरावट के साथ 57,832.97 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 98.45 अंक यानी 0.56 फीसदी के स्तर पर बंद हुआ।
अलग-अलग सेक्टर पर नजर डालें तो पिछले हफ्ते निफ्टी पीएसयू बैंक में 4.6 फीसदी, मेटल इंडेक्स में 4 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स में 2.7 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। वहीं मिड और स्मॉलकैप का प्रदर्शन दिग्गजों की तुलना में कमजोर रहा। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 2 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 3.2 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।
करीब 63 स्मॉलकैप स्टॉक ऐसे रहे जिसमें 10-22 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इनमें Axtel Industries, Syncom Formulations, Manappuram Finance, NRB Bearings, Mangalam Organics, Metropolis Healthcare, GRM Overseas, DB Realty, NLC India, Jindal Worldwide, Centum Electronics, Kuantum Papers, Jindal Poly Films, 63 Moons Technologies, Repco Home Finance और Bharat Road Network के नाम शामिल है।
वहीं दूसरी तरफ Sree Rayalaseema Hi Strength, TCPL Packaging, Excel Industries, Solara Active Pharma Sciences, Everest Industries, Eveready Industries India, Mirza International, Sandur Manganese, Vishnu Chemicals, RHI Magnesita India, Technocraft Industries (India) और Shree Pushkar Chemicals and Fertilisers जैसे शेयरों में 11-29 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि अब तक तीसरी तिमाही में कंपनियों के नतीजे काफी हद तक स्टेबल रहे है और भारत की मीडियम टर्म स्टोरी मजबूत बनी हुई है। हालांकि बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त पर जियोपॉलिटिकल जोखिम बाजार के लिए चिंता का कारण बने हुए है।
उन्होंने आगे कहा कि तीसरी तिमाही के नतीजों के मौसम के एकदम अंतिम दौर में होने के साथ ही अब घरेलू बाजार की नजर जियोपॉलिटिकल घटनाओं, केंद्रीय बैंकों की नीतियों, बॉन्ड यील्ड, कच्चे तेल की कीमतों , महंगाई के आंकड़ों और ग्लोबल क्लैश और डॉमेस्ट्रिक मैक्रों आंकड़ों पर रहेगी।
जानिए अगले हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
Samco Securities के Yesha Shah का कहना है कि नतीजों के मौसम के बितने के साथ ही आगे आनेवाले हफ्तों में बाजार विदेशी धुन पर नाचता दिखेगा। बाजार की नजर यूक्रेन-रूस के मामले, महंगाई से जुड़े आंकड़ों और कच्चे तेल की कीमतों पर रहेगी। घरेलू बाजार पर नजर डालें तो अगले हफ्ते मंथली एक्सपायरी होने के चलते दलाल स्ट्रीट में वौलेटिलिटी बने रहने की सभावना है। इसके अलावा चालू विधानसभा चुनाव पर भी बाजार की नजर रहेगी।
निवेशकों को सलाह है कि जब तक बाजार में स्थिरता नहीं आ जाती तब तक वह बहुत आक्रमक होकर कारोबार ना करें और साइडलाइन बने रहें।