माइंडट्री (Mindtree) के शेयर में आज दबाव दिख रहा है। दरअसल नतीजों के बाद माइक्रोसॉफ्ट की सब्सिडियरी Azure कमेंट्री के बाद कुछ चिंताएं उभरी है। इसका शेयर करीब 100 रुपये नीचे गिरकर कारोबार कर रहा है। आज दोपहर 12.50 बजे ये दिग्गज आईटी स्टॉक 2.86 प्रतिशत या 99.10 रुपये के गिरावट के साथ 3366.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
आज बाजार में माइंडट्री पर फोकस दिखाई दे रहा है। दुनिया की आईटी दिग्गज मानी जाने वाली माइक्रोसॉफ्ट की सब्सिडियरी Azure के नतीजे कमजोर आये हैं। जिसका असर भारतीय आईटी स्टॉक्स पर नजर आ सकता है। नतीजों में बताया गया कि Azure ने कैपेक्स में 11% कटौती की है। बता दें कि Azure प्लेटफॉर्म से माइंडट्री का 40% रेवेन्यू आता है। इस वजह से आज माइंडट्री का स्टॉक कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
इस गिरावट पर विस्तार से जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के यतिन मोता ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी आईटी कंपनियों के जो नतीजे आये, उसका असर उनकी क्लाउट कम्प्यूटिंग यूनिट पर दिखाई दे रहा है। माइक्रोसॉफ्ट की सहायक कंपनी Azure ने कैपेक्स साल दर साल आधार पर 11 प्रतिशत कम किया है। इसका मतलब है कि कंपनी अपने आपको थोड़ा बहुत स्लोडाउन के लिए तैयार कर रही है।
यतिन ने कहा कि माइंडट्री के संदर्भ में देखें तो माइक्रोसॉफ्ट के Azure प्लेटफॉर्म के जरिये इन्हें बहुत अच्छा बिजनेस मिलता है। एनालिस्ट का अनुमान है कि Azure से माइंडट्री का 20 से 40 प्रतिशत का रेवन्यू आता है। आज एनालिस्ट के अपडेट्स आ रहे हैं उसमें वे अमेरिकी आईटी कंपनियों में 7 से 8 प्रतिशत की कमजोरी का आकलन कर आ रहे हैं।
इसकी वजह से आगे चलकर क्लाउड कम्प्यूटिंग कंपनियां जो पहले बहुत अच्छा करती हुई नजर आ रहीं थी। उसमें आगे चलकर कुछ स्लोडाउन देखने को मिल सकता है। इसका खामियाजा भारतीय आईटी कंपनियों को भुगतना पड़ सकता है। इसके पीछे की वजह ये भी है कि अमेरिकी आईटी मार्केट में मंदी की आहट नजर आ रही है। इसका माइंडट्री पर निगेटिव असर पड़ेगा। जबकि आज इस मंदी का असर बहुत हद तक माइंडट्री के स्टॉक पर दिखाई दे रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)