Dolly Khanna portfolio : यह मल्टी बैगर शेयर पिछले एक साल में अपने निवेशकों की रकम दोगुनी से भी ज्यादा कर चुका है। इसके बावजूद देश की दिग्गज निवेशकों में शुमार डॉली खन्ना को इस शेयर में कमाई के मौके नजर आ रहे हैं। हम यहां नेशनल ऑक्सीजन लिमिटेड (National Oxygen Ltd) के शेयरों की बात कर रहे हैं। वहीं, चेन्नई बेस्ड खन्ना ने इस शेयर की बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। इस खबर के बाद नेशनल ऑक्सीजन के शेयर में सोमवार, 11 जुलाई को लगभग 10 फीसदी की मजबूती के साथ अपर सर्किट लग गया और दोपहर लगभग 2 बजे तक शेयर 114.30 रुपये के स्तर पर बना हुआ है।
नेशनल ऑक्सीजन की शेयर प्राइस हिस्ट्री के मुताबिक, बीएसई पर यह शेयर पिछले ट्रेडिंग सेशन यानी 8 जून, 2022 तक पिछले एक साल में 136 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। हालांकि, छह महीने में यह शेयर 45 फीसदी तक कमजोर हो चुका है।
खन्ना ने खरीदी इतनी हिस्सेदारी
National Oxygen Ltd की जून, 2022 में समाप्त तिमाही की शेयरहोल्डिंग के मुताबिक डॉली खन्ना ने कंपनी के 51,784 शेयर यानी 1.08 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। वहीं जनवरी-मार्च, 2022 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, इसके इंडिविजुअल शेयरहोल्डर्स में डॉली खन्ना (Dolly Khanna) का नाम नहीं था। इसलिए, निश्चित रूप से खन्ना ने अप्रैल से जून के बीच यह हिस्सेदारी खरीदी है।
कब करना होता है शेयरहोल्डर्स के नाम का खुलासा
एक्सचेंज के नियमों के मुताबिक, लिस्टेड कंपनियों के लिए 1 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाले शेयरहोल्डर्स के नाम का खुलासा करना जरूरी होता है। इसलिए, कंपनियां हर तिमाही के अंत में इंडिविजुअल शेयरहोल्डर्स द्वारा खरीदी गई हिस्सेदारी का ब्योरा देती हैं, लेकिन यह नहीं बतातीं कि कितनी बार में यह हिस्सेदारी खरीदी गई है।
डॉली खन्ना ने दो कंपनियों में बढ़ाई हिस्सेदारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, डॉली खन्ना ने दो कंपनियों अजंता सोया (Ajanta Soya) और टिन्ना रबर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर ( Tinna Rubber and Infrastructrue Ltd) में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। वहीं, उन्होंने छह कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी घटाई है, लेकिन अपनी हिस्सेदारी 1 फीसदी से ऊपर बरकरार रखी है। इसके अलावा खन्ना ने जून, 2022 में समाप्त तिमाही में अपने पोर्टफोलियो के दो शेयरों में प्रॉफिट बुक किया है।