आज एनएमडीसी (NMDC) के शेयर में गिरावट देखने को मिली। बाजार की एक्सपायरी वाले दिन यानी कि गुरुवार को इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर ये शेयर 4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.50 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया। लौह-अयस्क (iron-ore) की कीमतों में गिरावट के चलते कमजोर नतीजों की चिंता के कारण पिछले तीन कारोबारी दिनों में स्टॉक में 7 प्रतिशत की गिरावट नजर आई है।
इस महीने की 12 तारीख को एनएमडीसी ने ऐलान किया कि उसने स्टील उद्योग की कमजोर मांग के कारण लंप और फाइन दोनों किस्मों के लिए लौह अयस्क की कीमतें 500 रुपये प्रति टन घटाई है।
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में भारत के सबसे बड़े आयरन ओर माइनर का स्टॉक 40 प्रतिशत तक गिर गया है। जबकि इस दौरान एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स में 8.8 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। इस स्टॉक में 30 जुलाई, 2021 को अपने 52 हफ्ते के उच्च स्तर 186 रुपये के लेवल से 46 प्रतिशत की गिरावट नजर आई है।
ICICI सिक्योरिटीज का कहना है कि NMDC का रेवन्यू Q1FY23 में 4,022 करोड़ रुपये हो जायेगा। इसमें सालाना आधार पर 38 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 40 प्रतिशत की गिरावट नजर आयेगी। ब्रोकरेज ने रिजल्ट प्रिव्यू में कहा कि कंपनी का मुनाफा 1,005 रुपये रह सकता है। इसमें सालाना आधार पर 69 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 45 प्रतिशत की गिरावट नजर आ सकती है।
ICICI सिक्योरिटीज के मुताबिक वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA 1340 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें सालाना आधार पर 68 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 50 प्रतिशत की कमी दिख सकती है। वहीं Q1FY23E के लिए EBITDA मार्जिन 33.3 प्रतिशत रहने की संभावना है। जबकि Q4FY22 में कंपनी की EBITDA मार्जिन 40 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
बता दें कि जून 2022 को समाप्त पहली तिमाही के लिए NMDC की सालाना बिक्री 20 प्रतिशत की गिरावट के साथ ने 76.6 लाख टन रही। हालांकि जून के महीने में कंपनी की बिक्री 40 प्रतिशत घटकर 19 लाख टन रही। जबकि पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में कंपनी ने 31.8 लाख टन की बिक्री की थी।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)